सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री ओमप्रकाश राजभर शनिवार को गाजीपुर के मरदह ब्लाक परिसर में लाभार्थियों को नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह में पहुंचे।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि मैं बहुत बोलता हूं, तो क्या मेरी जबान काट लोगे। नहीं बोलूंगा, तो भी कहते हैं कि अब नहीं बोल रहा। उन्होंने कहा कि मंत्री रहूं या न रहूं हक की लड़ाई लड़ता रहूंगा। खुद को बहुत वाहियात नेता बताते हुए कहा कि चाहे अंजाम कुछ भी हो मैं अपने लिए नहीं सरकार से केवल गरीब, मजदूर, दिव्यांग, असहाय और किसान के हित में न्याय मांगता रहूंगा।
स्थानीय ब्लाक मुख्यालय परिसर में शनिवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजनाओं के तहत नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने 102 लोगों को ट्राई साइकिल, पांच बैशाखी, दो लाभार्थियों को कान की मशीन का वितरण किया।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की हर जरूरत पूरा करने के लिए वह दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, यात्रा, आवास हर क्षेत्र में काम चल रहा है। पिछड़ों को आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग कि लड़ाई लड़ते रहने का वादा कर रहा हूं।
कार्यक्रम में तीन घंटे देर से पहुंचने पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अपने 15 वर्ष के राजनैतिक जीवन में पहली बार देर से कार्यक्रम में पहुंचा हूं। इसकी वजह पीड़ित जनता है। किसी का राशन कार्ड, आवास, पेंशन, सड़क, पुल, पुलिया, खड़ंजा, रोजगार, नौकरी की समस्या हर तरह व्याप्त है। रसड़ा कार्यालय पर कम से कम हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों को सुनने के बाद यहां पहुंचा हूं।