लठिया बाईपास से पुलिस ने चेकिंग के दौरान ट्रक से 180 पेटी अवैध शराब संग दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ट्रक के केबिन में शराब छुपाकर हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा के अनुसार गिरफ्तार हरियाणा पानीपत के न्यू रामपुरा निवासी रमेश कुमार और हरियाणा नरवाना सिटी के गांधीनगर निवासी अर्जुन सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह हरियाणा से ट्रक लेकर बिहार जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर भी फर्जी लगाया था। ट्रक में केबिन के अंदर शराब की खेप रखी गई थी। पुलिस के अनुसार दोनों ने पूछताछ में कई अहम जानकारियां दी है।
चोरी की दो बाइक के साथ दो आरोपियों को फूलपुर पुलिस ने बुधवार को नाद नदी के पास से गिरफ्तार किया। सीओ पिंडरा अभिषेक पांडेय के अनुसार गिरफ्तार अंकित पटेल और ओम पटेल दोनों फूलपुर के रहने वाले हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि चोलापुर और जौनपुर से बाइक चोरी की थी।
रेलवे ट्रैक पर मिला अधेड़ का शव
कहरका (जगदीशपुर) के समीप जफराबाद रेलवे ट्रैक पर बुधवार को अधेड़ का शव पुलिस ने बरामद किया। पुलिस के अनुसार क्षत विक्षत शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया, शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, शिवपुर के कोईलहवा पुल से पहले रेलवे ट्रैक पर बुधवार को युवक का क्षत विक्षत शव मिला। पुलिस के अनुसार संभवत: किसी ट्रेन से गिरने से युवक की मौत हुई है।