राजातालाब। राजातालाब के संगम तालाब में घरों का गंदा पानी गिराने पर 13 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। राजस्व टीम के निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी की ओर से दिए गए नोटिस में सख्त चेतावनी के साथ जवाब मांगा गया है।
कचनार गांव के लोगों पर तालाब में घरों का गंदा पानी गिराने का आरोप है। उप जिलाधिकारी ने सभी लोगों को व्यक्तिगत रुप से कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। सभी लोगों को 21 अप्रैल को कार्यालय में उपस्थित होकर जवाब देना है। तालाब में घरों के गंदा पानी गिराए जाने के कारण पानी काला पड़ गया है। तालाब में जलकुंभी भी फैल गई है। इससे तालाब का स्वरूप बिगड़ गया है। पिछले वर्ष राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने नाले का पानी भी इसमें खोल दिया गया था। स्थानीय लोगों के दबाव के बाद इसे बंद किया था।
---------
श्रमदान कर तालाब की सफाई कर रहे युवा
पुराने तालाब के अस्तित्व को खतरे में देख राजातालाब के युवाओं ने श्रमदान कर इसे संवारने में जुटे हैं। सोमवार से तालाब की सफाई काम शुरू किया है। जलकुंभी निकालने के साथ घाट की सफाई कर रहे हैं।
तालाब के सुंदरीकरण के लिए जनप्रतिनिधियों से कई बार मांग की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र पटेल ने युवाओं के साथ जलकुंभी निकालने के लिए तालाब पर पहुंचे। अपना दल के जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने भी आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया। अभियान में राजकुमार गुप्ता, मनोज पटेल, विजय पटेल, महेंद्र राठौर, मंगरू, प्रमोद सिंह, कृष्णा प्रसाद जायसवाल, पप्पू विश्वकर्मा, संजय सोनकर, रमेश सोनकर, बंटी गुप्ता, रतन आदि सहयोग कर रहे हैं।