नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया वाराणसी में बुधवार से शुरू हो जाएगी। वाराणसी नगर निगम, रामनगर नगर पालिका और गंगापुर नगर पंचायत के लिए अलग-अलग आठ नामांकन स्थल बनाए गए हैं। सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम योगेश्वर राम मिश्र के मुताबिक महापौर का नामांकन एडीएम प्रशासन के न्यायालय में होगा। वरुणा पार जोन का जेपी मेहता इंटर कॉलेज सुअरबाड़ा, आदमपुर जोन का नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी, कोतवाली जोन का टाउनहाल मैदागिन और भेलूपुर जोन का नामांकन सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज भेलूपुर में होगा।
नगर पालिका परिषद रामनगर का नामांकन सदर तहसील और गंगापुर नगर पंचायत का नामांकन राजातालाब तहसील में होगा। इस बीच एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आठों नामांकन स्थल पर एक प्लाटून पीएसी और इलाकाई थानेदार फोर्स के साथ तैनात रहेंगे।
इसके साथ ही नामांकन स्थल से दो सौ मीटर पहले ही प्रत्याशियों के समर्थकों को रोक दिया जाएगा। नामांकन स्थल तक सिर्फ प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक जाएंगे।
गड़बड़ी पर कार्रवाई करेंगे पांच फ्लाइंग स्क्वाड
नगर निकाय चुनाव में गड़बड़ी की सूचना पर कार्रवाई के लिए पांच फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन होगा। स्क्वॉड में पुलिसकर्मी और मजिस्ट्रेट शामिल होंगे। सोमवार को एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि नगर निकाय चुनाव में रुपये और शराब बांटने वाले प्रत्याशियों और उनके समर्थकोें पर पुलिस की पैनी निगाह रहेगी।
एसएसपी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव में फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन नहीं किया जाता था। मगर इस बार जिलाधिकारी की अनुमति से फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन जल्द किया जाएगा। जहां से भी पैसा और शराब बांटने की जानकारी आएगी वहां यह स्क्वॉड छापेमारी कर कार्रवाई करेगा।
बताया कि नामांकन की प्रक्रिया संपन्न होते ही क्षेत्राधिकारी और थानेदार अपने क्षेत्र के पार्षद प्रत्याशियों के नियमित संपर्क में रहेंगे। जिन्हें भी जरूरत होगी उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। वहीं, जेल में निरुद्ध गुड्डू मामा जैसे बदमाशों की जेल स्थानांतरित किए जाने के सवाल पर एसएसपी ने कहा कि इस संबंध में विचार किया जा रहा है।