कमिश्नरेट के काशी जोन के आदमपुर, जैतपुरा, कोतवाली, चेतगंज, सिगरा, चौक, दशाश्वमेध, लक्सा, भेलूपुर, लंका और चितईपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार से ई-रिक्शा नई व्यवस्था के तहत चलेंगे। नई व्यवस्था का शुभारंभ ट्रैफिक पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल हरी झंडी दिखाकर करेंगे। मंगलवार से जिस ई-रिक्शा की फिटनेस सही नहीं मिलेगी, उनके खिलाफ ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई भी करेगी।
एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि ई-रिक्शा चालकों के एक बड़े वर्ग की सहमति के बाद जाम की समस्या के समाधान के लिए नई व्यवस्था बनाई गई है। काशी जोन में गोमती और वरुणा जोन के ई-रिक्शा नहीं आएंगे। काशी जोन के ई-रिक्शा उसी थाना क्षेत्र में चलेंगे, जहां के पते पर वह पंजीकृत हैं। नई व्यवस्था की निगरानी की जाएगी और जो भी खामी सामने आएगी, उसे तत्काल दुरुस्त किया जाएगा। मंगलवार से ही ई-रिक्शा चालकों को रूट के अनुसार क्यूआर कोड वितरित किया जाएगा।
रूट नंबर 1 - कलर कोड - लाल
- कोतवाली, जैतपुरा और आदमपुर थाना क्षेत्र के पते पर पंजीकृत ई-रिक्शा चलेंगे।
- पंजीकृत ई-रिक्शा की संख्या - 5071
रूट नंबर 2 - कलर कोड - पीला
- चेतगंज, लक्सा, चौक, दशाश्वमेध और सिगरा थाना क्षेत्र के पते पर पंजीकृत ई-रिक्शा चलेंगे।
- पंजीकृत ई-रिक्शा की संख्या - 3362
रूट नंबर 3 - कलर कोड - हरा
- भेलूपुर थाना क्षेत्र के पते पर पंजीकृत ई-रिक्शा चलेंगे।
- पंजीकृत ई-रिक्शा की संख्या - 2786
रूट नंबर 4 - कलर कोड - नीला
- लंका और चितईपुर थाना क्षेत्र के पते पर पंजीकृत ई-रिक्शा चलेंगे।
- पंजीकृत ई-रिक्शा की संख्या - 2507