वाराणसी के मैदागिन स्थित मेडविन हॉस्पिटल में पद्म विभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र की बेटी की मौत के मामले में चल रही जांच की प्रकिया अब अंतिम चरण में है। सभी की नजर अब मेडिकल बोर्ड की ओर से दिए जाने वाले रिपोर्ट पर टिकी है।
पंडित छन्नू लाल की बेटी संगीता के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए छोटी बहन नम्रता मिश्रा ने जांच, कार्रवाई की मांग की थी। आरोप की बाबत मंडलीय अस्पताल की पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने इलाज से जुड़े कागजात की जांच के साथ ही अब अस्पताल प्रबंधन का भी पक्ष लिया है। जांच आगे बढ़ाते हुए अब फिजिशियन डॉक्टर एके सिंह की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड शिकायत करने वाली डॉक्टर नम्रता का बयान दर्ज करने की तैयारी में है।
इसके लिए उनसे संपर्क किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार को मामले में नम्रता से संपर्क कर उनका बयान लिया जाएगा। इधर, मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉक्टर प्रसन्न कुमार ने बताया कि अगले सप्ताह के शुरुआती दिनों में ही रिपोर्ट मिलने की संभावना है। रिपोर्ट आते ही उसे जिलाधिकारी को भेजा जाएगा।