भीमपुरा। स्थानीय थाने के समीप शाहपुर टीटीहा बस्ती में इलाज के लिए ले जाते वक्त जच्चा-बच्चा की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी व सीओ रसड़ा मौके पर पहुँच कर घटना की जानकारी ली। इस मामले में मृतका के पति ने बड़े भाई के परिवार वालों पर जच्चा-बच्चा को मारने का आरोप लगाया है। पुलिस तीन लोगों को पकड़कर पूछताछ कर रही है।
भीमपुरा थाना क्षेत्र के शाहपुर टीटीहा गांव के थाने के समीप वाली बस्ती में प्रमोद सिंह व उनके भाई रहते थे। प्रमोद ने बताया कि पत्नी ममता गर्भवती थी। गुरुवार की भोर में उसकी पत्नी और बड़े भाई के परिवार से तूतू मैं मैं हो गई थी। इसके बाद उन लोगों ने पत्नी को मारा जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई । उसे इलाज के लिए मऊ लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बच्चा भी मर गया। घटना की जानकारी होते ही मृतका का भाई सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डुहा बिहरा से अपनी बहन के घर पहुंचा। उसने बहन के जेठ व उसके परिवार पर मारने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी होते ही एडिशनल एसपी संजय यादव व क्षेत्राधिकारी रसड़ा मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी की और मातहतों को आवश्यक निर्देश देकर चले गए। पुलिस ने मां और बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। खबर लिखे जाने तक मुकदमा पंजीकृत नहीं था। इस मामले में थाना प्रभारी योगेश यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मृतका के पति ने अपने बड़े भाई व उसके परिवार के खिलाफ तहरीर दी है, जिसकी जांच की जा रही है।