वाराणसी। देर रात आई आंधी-बारिश ने शहर के कई इलाकों में कहर ढाया। छावनी सहित 15 से अधिक जगहों पर पेड़ गिर गए, जिससे रास्ते बाधित हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यही नहीं, सारनाथ पंचकोसी चौराहे के समीप दिशा सूचक बोर्ड गिर गया। संदहा, ऑफिसर्स कॉलोनी, कचहरी, छावनी, नगवां, चांदपुर औद्योगिक आस्थान, चांदमारी, बनकटी हनुमान आदि जगहों पर पेड़ गिर गए।
महावीर मंदिर अर्दली बाजार स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय के गेट पर विशाल पेड़ की डाली गिरने से आवागमन बाधित रहा। सारनाथ के नई बाजार चौराहे से सथवा जाने वाले मार्ग पर आंधी में पेड़ की डाली गिर गई, जिससे बिजली के तीन खंभे टूट गए। लोहता क्षेत्र के बखरिया, सुरही, बनकट, मंगलपुर, कोरौता, कोटवा, अलाउद्दीनपुर में भी पेड़ों की डालियां गिर गईं। चिरईगांव और चौबेपुर में जगह-जगह पेड़ों की डालियां टूट गईं। छावनी स्थित लाल चर्च के पास तेज आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ उखड़कर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में वहां खड़ा एक टेंपो ट्रैवलर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं चर्च की दीवार को भी नुकसान पहुंचा।
इसी तरह मिंट हाउस स्टेशन मार्ग पर भी एक विशाल नीम का पेड़ धराशायी हो गया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही छावनी प्रशासन मौके पर पहुंचा और पेड़ हटवाकर बाधित मार्ग को बहाल कराया। इसके अलावा 39 जीटीसी के गेट नंबर-6 के समीप भी पेड़ गिरने की सूचना मिली। आंधी-पानी के कारण छावनी क्षेत्र के कई हिस्सों में पेड़ गिरने से लोगों को देर रात तक परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने रात में ही राहत एवं सफाई कार्य शुरू कर दिया।
वर्जन
आंधी और बारिश के कारण 15 जगहों पर पेड़ गिरे थे। इनमें से तीन जगहों पर रास्ता बाधित हुआ, जिन्हें पेड़ काटकर चालू करा दिया गया। किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। - वीके सिंह, उद्यान अधीक्षक, नगर निगम