वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर कैथी टोल प्लाजा की शुरुआत होने के बाद से ही वहां किचचिक शुरू है। शनिवार को भी फास्टैग से पैसा कटने के बावजूद टोल कर्मियों ने चालक से 240 रुपये टोल टैक्स वसूल लिए। चालक ने मोबाइल पर मैसेज दिखाया तो कर्मचारी कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे और उसे आगे बढ़ने की नसीहत दी। इससे इससे चालकों और वाहन स्वामियों में आक्रोश है। लोगों ने इस पर नकेल कसने की मांग की है।
एक कार चालक कुछ पर्यटकों को लेकर गाजीपुर जा रहा था। इस दौरान फास्टैग से 120 रुपये कट गया। चालक ने टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारी को बताया कि फास्टैग से 120 रुपये कट गया है, लेकिन कर्मचारी फास्टैग से पैसा नहीं कटने की बात कहते हुए चालक से दोबारा पैसा वसूल लिया। टोल टैक्स पर कर्मचारियों की मनमानी से चालकों में आक्रोश है।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर आरएस यादव का कहना है कि टोल टैक्स पर लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज के आधार पर गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। यदि फास्टैग के बाद भी कर्मचारी पैसा ले रहेे हैं तो संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई होगी।