बीएचयू अस्पताल मेन गेट के पास बैरीकेडिंग लगाकर लोगों को बाहर जाने से रोकते सुरक्षाकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का बीएचयू गेट के बाहर सड़क पर गाजे-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया गया लेकिन अंदर कैंपस में मरीज और उनके परिजन सांसत में रहे।
बीएचयू प्रशासन ने दोनों राजनेताओं के स्वागत के लिए पूरी तैयारी की थी। सुबह से ही चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह के निर्देशन में एक टीम स्वागत के लिए खड़ी थी। बाहर दोनों वीआईपी के आगमन के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए कैंपस से बाहर आने पर रोक लगा दिया गया था।
बाहर से आने वाले मरीजों को मशक्कत का सामना करना पड़ा। मेन गेट का नजारा बदला-बदला था। यहां मोदी-मैक्रों की तस्वीर के साथ-साथ दोनो देश के झंडे और उसी रंग के गुब्बारे लगाए गए थे और यहां बांस-बल्ली से बैरीकेडिंग की गई थी।
सुबह करीब 11.30 बजे ही परिसर में महिला महाविद्यालय चौराहा, मधुबन चौराहा, भारत कला भवन चौराहे के पास लगी बैरीकेडिंग लगाने की सूचना प्रसारित हुई तो सुरक्षा गार्डों ने तत्काल रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद यहां प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्य और गार्ड पहुंचे।
इधर से गुजरने वाले छात्र-छात्राओं को जहां वापस कर दिया गया वहीं महिला महाविद्यालय के पास से अस्पताल में दिखाकर बाहर जाने वाले मरीजों और परिजनों को भी रोका गया। इसको लेकर कई बार सुरक्षा गार्डों की मरीजों के परिजनों, छात्रों में नोंकझोंक तक हुई।
मेन गेट से अंदर आने पर रोक नहीं थी बस इधर से बाहर जाने की मनाही थी। उधर अस्पताल परिसर से अंदर से बाहर जाने के रास्ते पर भी सड़क पर बैरीकेडिंग हुई जिससे परेशानी झेलनी पड़ी।