महिला अपराध पर लगाम लगाने के लिए यूपी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति जागरूकता अभियान का शुभारंभ रविवार को वाराणसी में हुआ। मिशन शक्ति के क्रम में सेफ सीटी परियोजना के अंतर्गत जोन मुख्यालय से अपर पुलिस महानिदेशक (वाराणसी जोन) राम कुमार और पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने वूमेन पॉवर लाइन-1090 प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रचार वाहन वाराणसी कमिश्नरेट एवं वाराणसी जोन के सभी 10 जिलों वाराणसी ग्रामीण, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मर्जापुर, सोनभद्र और भदोही में भ्रमण कर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करेगा।
इस दौरान महिलाओं व बालिकाओं को आत्मसुरक्षा के लिए जागरुक करने और उनकी सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी देने के साथ ही हेल्प लाइन नंबर वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबलेंस सेवा 108, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा स्थानीय थानों के सीयूजी नंबर आदि के बारें में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मिशन शक्ति जागरूकता अभियान के शुभारंभ के मौके पर आईजी वाराणसी रेंज के सत्य नारायण, मिशन शक्ति अभियान के नोडल अधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण नीरज कुमार पांडेय, अपर उप पुलिस आयुक्त ममता रानी, पुलिस उपाधीक्षक वाराणसी ग्रामीण चारू द्विवेदी समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।