कोरोना की दूसरी लहर के बाद शासन द्वारा रविवार की बंदी समाप्त किए जाने के बाद शहर में बाजार खुलने का मिलाजुला असर दिखाई दिया। कई स्थानों पर चहल-पहल तो कई स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। मिठाइयों, राखी की दुकानों के साथ कुछ खाने-पीने की दुकानें गुलजार रहीं।
शहर के गोदौलिया इलाके में रविवार को दूध सट्टी और खाने पीने के अलावा अन्य दुकानें बंद रहीं। रक्षाबंधन पर कई लोग सौर सपाटा करते दिखे। गोलगप्पा चाट और ठंडई की दुकानें खुली रहीं। नई सड़क और लहुराबीर में भी ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। कपड़ों के कुछ शोरूम, मेडिकल और कुछ फल की दुकानों को छोड़कर बाकी दुकानें बंद रहीं। वहीं, अर्दली बाजार में कपड़ों और फलों की दुकानें खुली रहीं।
मॉल में रक्षाबंधन की धूम
रक्षाबंधन का त्योहार और ऊपर से रविवार की छुट्टी पर शहर के मॉल्स में काफी चहल-पहल रही। आईपी सिगरा, पीडीआर, आईपी विजया और जेएचवी में लोगों की अच्छी खसी भीड़ रही। सिनेमाहाल में लोग फिल्मों का आनंद लेते दिखे।