महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सभी कार्यालय और विभागों में कुलपति के औचक निरीक्षण में कई शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारी गैरहाजिर मिले। कुलपति के निरीक्षण के दौरान सभी कार्यालय व विभागों की उपस्थिति पंजिका भी कुलपति कार्यालय में जमा करा ली गई। कुलपति की कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।
बृहस्पतिवार को कुलपति प्रो. एके त्यागी सुबह 10:15 बजे विश्वविद्यालय के सभी कार्यालय एवं विभागों का औचक निरीक्षण करने निकले। निरीक्षण में कई विभागों में शिक्षक अनुपस्थित थे वहीं कार्यालयों में कई कर्मचारी नदारद रहे। प्रमुख सचिव के निर्देश पर कुलपति ने यह औचक निरीक्षण किया और सभी विभाग व कार्यालयों की उपस्थिति पंजिका भी मंगवा ली है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि अनुपस्थित शिक्षक व कर्मचारियाें पर कार्रवाई की जाएगी। इसके पूर्व में भी कुलपति ने जब कार्यालय व विभागों का औचक निरीक्षण किया था तो कई अनुपस्थित मिले थे। इस दौरान सभी को चेतावनी दी गई थी, बावजूद इसके शिक्षक व कर्मचारियाें के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया।