बीएचयू में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर महामना मालवीय मिशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जाने-माने चिंतक केएन गोविंदाचार्य को महामना स्मृति सम्मान दिया। इस दौरान गोविंदाचार्य ने सम्मान में मिले 51000 रुपये की राशि गौ सेवा के लिए दान कर दी।
गोविंदाचार्य ने कहा कि महामना मालवीय जी मन कर्म और वचन के समन्वय के मूर्ति थे। मालवीय जी ने शिक्षा के माध्यम से देश को जागृत करने का महान कार्य किया है। इसके साथ ही उन्होंने गीता के माध्यम से भी भारतीय समाज में संस्कृति और संस्कार पैदा करने की कोशिश की है, जिसके माध्यम से कई चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़े बीएचयू के कुलाधिपति न्यायमूर्ति गिरधर मालवीय ने कहा कि केएन गोविंदाचार्य को सम्मानित कर महामना मालवीय मिशन ने एक रचनात्मक संदेश दिया है। कार्यक्रम में मालवीय मिशन के संगठन सचिव डॉ. प्रभाकर उपाध्याय, महामंत्री विजय नाथ पांडेय, डॉ. माधवी तिवारी, प्रो. उपेंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।