महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में संचालित होने वाले विभिन्न पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की तिथि को बढ़ाया गया है। छात्र अब 15 अप्रैल तक ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकेंगे। विभाग में आवेदन पत्र की हार्ड कापी जमा करने की अंतिम तारीख 18 अप्रैल निर्धारित की गई है।
विभाग द्वारा अनुमोदित परीक्षा आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी 20 अप्रैल को विश्वविद्यालय में जमा की जाएगी। पाठ्यक्रमों कन्नड़ प्रथम एवं द्वितीय वर्ष, डिप्लोमा इन कर्मकांड, पीजी डिप्लोमा इन फैशन डिजाइनिंग प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष, पीजी डिप्लोमा इन साइकोथेरेपी काउंसिलिंग एंड गाइडेंस, एचआरडी, नाट्य/संगीत (गायन) एवं ड्रामा डिप्लोमा, एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स इन प्रोफिसिएंसी ऑफ रसियन लैंग्वेज, पीजी डिप्लोमा इन नेचुरोपैथी एंड योग, पीजी डिप्लोमा इन एनजीओ मैनेजमेंट, सर्टिफिकेट कोर्स इन योग फार वेलनेस, पीजी डिप्लोमा इन नेचुरल डिजास्टर मैनेजमेंट, पीजी डिप्लोमा इन ग्राउंड वाटर रिसोर्स मैनेजमेंट शामिल हैं। जनसंपर्क अधिकारी डॉ नवरत्न सिंह ने बताया कि निर्धारित तिथि समाप्ति के पश्चात ऑनलाइन परीक्षा आवेदन भरने की तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी एवं महाविद्यालय द्वारा निर्धारित तिथि तक परीक्षा आवेदन पत्र विश्वविद्यालय के संबंधित विभाग में जमा करना आवश्यक होगा।