फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की कमी, खराब नेटवर्किंग से भी परेशानी

विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले दिन केंद्रों पर खामियों की वजह से संचालन में परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में कई केंद्र ऐसे रहे, जहां कक्ष निरीक्षकों की कमी के साथ ही खराब नेटवर्किंग की समस्या रही। ऐसे में कंट्रोल रूम से सही तरह से निगरानी नहीं हो सकी। नेटवर्किंग में खराबी की सबसे अधिक समस्या ग्रामीण इलाकों में रही, यहां कमरों में बैठे छात्रों के बारे में कंट्रोल रूम को जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद प्रधानाचार्य से बातचीत कर समस्या को दूर कराने को कहा गया।
विज्ञापन

जिले में 131 केंद्रों पर 93997 परीक्षार्थियों ने पहले दिन परीक्षा दी। पहली पाली में हाईस्कूल में हिंदी और प्रारंभिक हिंदी जबकि इंटर में सैन्य विज्ञान की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी, सामान्य हिंदी की परीक्षा कराई गई। लोहता, सेवापुरी, राजातालाब, पिंडरा आदि इलाकों के कुछ केंद्रों पर कई कमरों में पहली पाली में एक कक्ष निरीक्षक की ही तैनाती रही। हालांकि, दूसरी पाली में कक्ष निरीक्षकों की समस्या दूर हो गई। लोहता के जगनरायन इंटर कॉलेज, देवबाणी इंटर कॉलेज, विद्या मंदिर उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में एक ही कक्ष निरीक्षक से परीक्षा करानी पड़ी।
पहले हुई थर्मल स्क्रीनिंग, तब मिला प्रवेश
कोरोना का संक्रमण भले ही कम हो गया है, लेकिन अभी तीसरी लहर चल रही है। ऐसे में केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल पर विशेष जोर रहा। शहरी और ग्रामीण इलाकों में बने केंद्रों पर परीक्षा देने वाले छात्रों की थर्मल स्क्रीनिंग, मास्क की जांच की गई। इसके बाद ही उन्हें कमरे में प्रवेश मिला। राजातालाब, पिंडरा, रोहनिया, सेवापुरी, बड़ागांव, मिर्जामुराद, चोलापुर आदि जगहों पर केंद्र की ओर से तैनात कर्मचारियों ने छात्र-छात्राओं के हाथ सैनिटाइज कराए। इसके अलावा कमरों में भी दो गज की दूरी पर विशेष ध्यान दिया गया।
विज्ञापन

परीक्षा खत्म होने के बाद उत्साहित दिखे परीक्षार्थी
पिछले साल कोरोना संक्रमण की वजह से परीक्षा नहीं हुई थी। बृहस्पतिवार को पहली और दूसरी पाली में परीक्षा देकर बाहर आए छात्र बहुत उत्साहित दिखे। छात्र एक दूसरे से पेपर में पूछे गए सवाल, अंदर की व्यवस्था के बारे में भी बातचीत करते रहे। छात्रों के मुताबिक केंद्रों पर कोरोना प्रोटोकॉल का ध्यान रखा गया। बताया कि कंट्रोल रूम से भी निगरानी की गई।
समयसारिणी जारी होने के बाद से ही परीक्षा की तैयारी चल रही थी। क्लास में परीक्षा के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। पेपर अच्छा हुआ है। - दीप्ति, हाईस्कूल
कोर्स में कटौती होने के बाद भी जो पाठ्यक्रम पढ़ाए गए थे, उसी से सवाल पूछे गए थे। कुल मिलाकर पेपर बढ़िया हुआ है। तय समय में सभी सवालों का जवाब दे दिया। - करन, हाईस्कूल
गर्दन हिला रही थी छात्रा, कंट्रोल रूम से आया फोन
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन परीक्षा व्यवस्था की निगरानी जिला और शासन स्तर से कंट्रोल रूम से की गई। सुबह की पाली में आर्य महिला इंटर कॉलेज में हिंदी की परीक्षा के दौरान कमरे में एक छात्रा पीछे मुड़कर देख रही थी। कमरे में कक्ष निरीक्षक भी रहे, लेकिन उनकी नजर नहीं पड़ी। इसी बीच प्रधानाचार्य के मोबाइल पर लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम से फोन आया कि कमरे में एक छात्रा गर्दन हिला रही है। इस पर तुरंत प्रधानाचार्य डॉ. प्रतिभा यादव कमरे में पहुंचीं और संबंधित छात्रा को हिदायत दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग करने के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट भी निरीक्षण करने आए थे। उधर, जिले के अन्य केंद्रों पर परीक्षा से पहले छात्रों को नियम, निर्देश, बातचीत न करने की जानकारी दी गई।
विज्ञापन

परीक्षा में आज
पहली पाली : सुबह 8 से 11.15 बजे तक
हाईस्कूल : अरबी, फारसी
इंटरमीडिएट - संगीत गायन, संगीत वादन, नृत्य कला।
दूसरी पाली : 2 से 5.15 बजे तक
हाईस्कूल : संगीत गायन
इंटरमीडिएट : सामान्य आधारिक विषय (व्यावसायिक वर्ग के लिए)
कृषि शस्य विज्ञान (एग्रोनामी) - प्रथम प्रश्न पत्र कृषि भाग-1 के लिए, षष्टम प्रश्न पत्र कृषि भाग-2 के लिए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें