अकथा स्थित श्रीनगर कॉलोनी में ट्रांसफार्मर स्थानांतरित करते समय मजदूर बिजली की चपेट में आने से झुलस गया। आनन-फानन में लोगों ने उसे सिगरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बीरभानपुर राजातालाब निवासी दिनेश पटेल (30 वर्ष) श्रीनगर कॉलोनी में मुन्नी देवी के घर के सामने विद्युत विभाग का ट्रांसफार्मर स्थानांतरित करने के लिए बिजली के पोल से कनेक्शन काटने के दौरान 11 केवी के तार के संपर्क में आ गया। इससे वह बुरी तरह से झुलस कर नीचे गिर गया। कार्य करा रहे निजी ठेकेदार ने घायल को सिगरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान शुक्रवार की रात मौत हो गई। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था, जिसे एक तीन वर्ष की पुत्री है तथा बीते बृहस्पतिवार को पत्नी रेखा पटेल ने हॉस्पिटल में एक पुत्र को जन्म दिया है।
इस बारे में अधिशासी अभियंता एके सिंह ने बताया कि श्रीनगर निवासी मुन्नी देवी ने अपने घर के सामने से ट्रांसफार्मर हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। उनको कहा गया था कि जब तक आप विद्युत निदेशालय से एनओसी प्राप्त नहीं कर लेतीं, तब तक विद्युत विभाग ट्रांसफार्मर नहीं हटाएगा। इसके बावजूद उन्होंने प्राइवेट ठेकेदार व मिस्त्री बुलाकर अपने घर के सामने से ट्रांसफार्मर हटवाने की कोशिश की। इसी दौरान ऊपर 11 केवी के तार के मजदूर चपेट में आ गया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि विभाग द्वारा मुन्नी देवी पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।