बीएसएनएल का मोबाइल नेटवर्क बृहस्पतिवार आधी रात के बाद ध्वस्त हो गया। इस वजह से न तो लोग फोन से बात कर पा रहे थे और न ही इंटरनेट सेवा का उपयोग कर पाए। रात करीब डेढ़ बजे खराब नेटवर्क सुबह अगले दिन करीब 10.30 बजे सही हुआ। इस तरह की स्थिति केवल वाराणसी ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों में थी।
बृहस्पतिवार की रात अचानक मोबाइल का नेटवर्क गायब हो गया। इसके बाद पहले तो लोग कुछ समझ नहीं सके, बाद में फोन करने लगे तो कॉल भी नहीं जा पा रही थी। इस वजह से बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। बीएसएनएल के महाप्रबंधक एके गुप्ता ने बताया कि चंडीगढ़ में मोबाइल नेटवर्क में तकनीकी खराबी की वजह से ही यह समस्या आई। इस दौरान प्रीपेड वाले उपभोक्ताओं को ही परेशानी हुई।