वाराणसी। सीरप तस्करी मामले में फरार ट्रक मालिक शैलेंद्र सिंह यादव को कोलकाता एसटीएफ ने सोमवार को चौक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। इस दौरान ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को लेने के एसटीएफ के आवेदन को स्वीकार करते हुए कोर्ट ने 25 अगस्त तक कोलकता स्पेशल जज एन डी पी एस कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया। कोलकता एसटीएफ आरोपी शैलेंद्र को अपने साथ ले गई। चौक थाने क्षेत्र में कोलकाता एसटीएफ धमकने से सप्तसागर दवा मंडी के कई कारोबारियों में बेचैनी रही। पेशी के दौरान दवा मंडी के कई व्यापारी कचहरी परिसर में मौजूद रहे।
कोलकाता एसटीएफ के एसआई दीपेंद्र सिंह के अनुसार 22 अगस्त 2020 को कोलकता में एक ट्रक प्रतिबंधित सीरप पकड़ी गई थी। ट्रक चालक व खलासी पकड़े गए थे। इन लोगों पर एनडी पीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। दवा मालिक भी गिरफ्तार हुआ था। इस मामले में ट्रक मालिक शैलेंद्र सिंह के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी की गई थी। शैलेंद्र सिंह ने कोलकाता हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की थी, जो सुनवाई के बाद खारिज हो चुकी थी। इसके बाद एसटीएफ की टीम तीन दिन से बनारस में डेरा डाले हुई थी।