क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव के पास से शुक्रवार की रात एक कार चालक युवक का अपहरण कर बदमाशों ने 20 लाख की फिरौती मांगी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते के आधार पर दबिश दी तो शनिवार की शाम अपहृत युवक को छोड़कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस पीड़ित युवक को अभिरक्षा में लेकर घटना की छानबीन में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामला लेनदेन के विवाद का है। फिलहाल अपहरण का केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के रहेटुआ गांव निवासी अरविंद कुमार कार चालक है। 27 अगस्त की रात गांव की महिला को सांप काटने पर वह झाड़फूंक के लिए सुजानगंज थाना क्षेत्र के मतरी गांव गया था। आरोप है कि लौटते समय रात आठ बजे मुस्तफाबाद गांव के पास पहुंचे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। कार में सवार सभी तीन महिलाओं को दूसरी कार से उनके घर भेज दिया और अरविंद को वाहन समेत रोक लिया। अरविंद का आरोप है कि आरोपी उन्हें बाइक से टहलाते रहे और घर का नंबर लेकर परिजनों से 20 लाख की फिरौती मांगी। अरविंद के छोटे भाई वीरेंद्र ने इसकी सूचना सुजानगंज थाने पर दी। पुलिस की सलाह पर उसने बदमाशों से पैसा भेजने के लिए खाता नंबर मांगा। यूबीआई के खाता संख्या के बारे में पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि वह खाता सचिन कुमार यादव निवासी बारा सुजानगंज का था। पुलिस ने दबिश दी तो सचिन घर पर नहीं मिला, लेकिन पुलिस के जाने के कुछ देर बाद ही अपहृत युवक को भिखारीपुर गांव में स्थित मंदिर के पास छोड़ दिया गया। वहीं पर उसकी कार खड़ी थी और कार लेकर वह सुजानगंज थाने पहुंचा, जहां आपबीती सुनाई।