काशीपुराधिपति के भव्य दरबार में चुनार के गुलाबी पत्थरों की सुरमयी आभा और मकराना के सफेद पत्थरों की चमक नजर आ रही है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में मंदिर चौक बन गया है, सी शेप में निर्मित चौक से जहां धाम और गंगा का नजारा श्रद्धालुओं को नजर आएगा। पीएम मोदी के लोकार्पण के बाद आदि विश्वेश्वर महादेव और पतित पावनी गंगा के एक साथ दर्शन का सपना जल्द ही साकार होने वाला है।
मंदिर चौक गंगा व्यू गैलरी में खड़े होकर बाबा विश्वनाथ के भक्त अपने आराध्य की अर्चना के दौरान गंगा को भी निहारेंगे। जलासेन और मणिकर्णिका के बीच बने भव्य द्वार से गंगा स्नान कर श्रद्धालु मंदिर के लिए प्रवेश करेंगे। भक्त काशी विश्वनाथ धाम के मध्य स्थित मंदिर चौक से काशीपुराधिपति के चौखट के साथ गंगा के भी साक्षात दर्शन कर सकेंगे।