समिति के महामंत्री अशोक कसेरा ने बताया कि अध्यक्ष मनोज पांडेय की अध्यक्षता में एक व्यापारिक बैठक हुई। इसमें ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने और प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मंडी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण को लेकर चौराहों पर सजावट का काम अब अंतिम चरण में है। शहर के लगभग सभी प्रमुख चौराहों पर सजावट का काम पूरा। शुक्रवार को लहुराबीर, रथयात्रा, मलदहिया आदि चौराहों को सजाने का काम पूरा कर लिया गया। 13 दिसंबर को काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के लिए पूरे शहर को सजाया जा रहा है। इसके तहत किए जा रहे कार्य अब अंतिम चरण में हैं।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम: सामने आया लोकार्पण के लिए मेहमानों को भेजा जा रहा बेहद खास निमंत्रण पत्र, आप भी देखिए
प्रधानमंत्री गंगा की रेती पर काशी विश्वनाथ धाम की विकास यात्रा भी देखेंगे। इसके लिए सैंड आर्टिस्ट ललिता घाट पर बालू में जटाजूट बाबा विश्वनाथ के साथ ही संपूर्ण धाम का चित्र उकेर रहे हैं। गंगा तट पर बनी जेटी से चंद कदम की दूरी पर 21 कलाकारों की टोली 60 फीट क्षेत्र में बालू के कैनवास पर धाम की भव्य प्रतिकृति तैयार करने में जुटी है। सैंड आर्टिस्ट रूपेश सिंह ने बताया कि शनिवार तक यह कलाकृति तैयार हो जाएगी। इसमें काशी विश्वनाथ धाम के अलावा पीएम मोदी और सीएम के वाराणसी दौरे को भी दर्शाया जाएगा।
पढ़ेंः वाराणसी आ रहे पीएम मोदी: काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था का एसपीजी ने खींचा खाका, स्थलीय निरीक्षण कर लिया जायजा
लोकार्पण पर रोशनी से नहाएगा पूरा शहर
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के अवसर पर पूरा शहर रंगीन रोशनी से नहाएगा। घाट से लेकर गलियों तक रोशनी से सजावट होगी। शहर की सभी प्रमुख इमारतों को रौशनी से सजाई जाएंगी। भव्य काशी दिव्य काशी के आयोजन को देश ही नहीं पूरी दुनिया देखेगी। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के हाथों कॉरिडोर के लोकार्पण के बाद 14, 15 व 16 दिसंबर को काशी के सात लाख घरों में बाबा का विशेष प्रसाद पहुंचाया जाए।
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण को कुछ ही घंटे बचे हुए हैं। तैयारी अंतिम दौर में है। 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर काशीवासियों में उत्साह है। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए घाटों पर देव दीपावली की तरह दीये जलाए जाएंगे।
लेजर लाइट शो के साथ वाराणसी के सभी मंदिरों और सरकारी व प्राइवेट बिल्डिंग को सजा दिया जाएगा। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन अवसर पर वाराणसी के अलावा देश विदेश के विद्वान और साधु - संतों को काशी में आने का न्योता भेजा गया है।
इस दौरान पीएम मोदी के साथ कुल 4000 लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। उद्घाटन के लाइव प्रसारण के लिए चैनलों के अलावा धार्मिक स्थलों, चौराहों पर टीवी स्क्रीन के माध्यम से कराया जाएगा। जिससे जो लोग मौके पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा बन सकें ।