छात्राओं ने निकाली शिव झांकी एवं कलश यात्रा
- फोटो : अमर उजाला
गंगा तट से बाबा दरबार तक एकाकार श्रीकाशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। जिसे लेकर वाराणसी में उत्सव का माहौल है और काशीवासी एक बार फिर देव दीपावली मनाने की तैयारी में जुटे हैं। धाम के लोकार्पण के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रमों के तहत शनिवार को छात्राओं द्वारा शिव झांकी एवं कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान हर-हर महादेव की गूंज रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में यह आयोजन हुआ। कार्यक्रम में अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, बल्लभ विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज और हरीशचंद्र बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भागीदारी की। मैदागिन से विश्वनाथ मंदिर परिसर तक की इस यात्रा में पारंपरिक परिधान में सुसज्जित छात्राओं के सिर पर कलश था।
शोभा यात्रा की कड़ी में अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज गोलघर, मैदागिन की छात्राएं सिर पर कलश लिए हरीश चंद्र बालिका इंटर कॉलेज पहुंची। इस दौरान कॉलेज की प्रबंधक डॉ.रितु गर्ग, सहायक प्रबंधक अनिल बंसल, प्रधानाचार्या डॉ.संगीता बनर्जी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद के ट्रस्टी प्रोफेसर डॉ.बृजभूषण ओझा, ज्योतिषाचार्य प्रसाद दीक्षित, पंडित वेंकटरमन सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम का काम पूरा: 33 महीने बाद थमा मशीनों का शोर, 13 को पीएम करेंगे लोकार्पण, जानें खास बातें