महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ चुनाव में प्रमाणपत्र के सत्यापन के बाद 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। चार प्रमुख पदों पर 15 और संकाय प्रतिनिधि पद पर 10 उम्मीदवार लड़ रहे हैं। महामंत्री पद पर सीधी टक्कर है। वहीं, एलएलबी और एमएसडब्ल्यू में एक-एक उम्मीदवार होने से निर्विरोध निर्वाचन तय है। शनिवार शाम विश्वविद्यालय प्रशासन ने नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियाें की सूची जारी कर दी। शनिवार को छात्रों ने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। छात्रों ने पुलिस व्यवस्था और ट्रैफिक नियमों को धता बताते हुए सड़क पर रैली निकाली। जुलूस, नारेबाजी, पोस्टर उड़ाने के साथ ही आचार संहिता और लिंग दोह कमेटी के नियमों को तार-तार कर दिया। छात्र और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऐसा जुलूस निकाला कि सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। विद्यापीठ के आसपास और लंका-कैंट मुख्य मार्ग पर जाम लगा रहा। सुबह विद्यार्थी परिषद के छात्र भारत माता मंदिर में जुटे तो सपा के छात्र नेता चौकाघाट से और एनएसयूआई के सदस्य फातमान रोड से निकले। 27 प्रत्याशी नामांकन के लिए काशी विद्यापीठ पहुंचे और नामांकन की हार्ड कॉपी जमा की। विद्यापीठ के मानविकी संकाय में प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों का सत्यापन किया गया। छात्रों का दल इंग्लिशिया लाइन तिराहे से सिगरा तक जुटा। प्रशासनिक रोक के बावजूद कार और बाइक का जुलूस निकाला गया।
एनएसयूआई ने जारी किया पैनल
छात्रसंघ चुनाव के लिए एनएसयूआई की ओर से पैनल जारी कर दिया गया। अध्यक्ष पद पर नीरज पांडेय, उपाध्यक्ष पद पर संजय यादव, महामंत्री पद पर प्रभु पटेल और पुस्तकालय मंत्री पद पर दीपक कुमार मैदान में हैं। समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी ने पैनल जारी नहीं किया है।
24 दिसंबर को वोटिंग और रिजल्ट
छात्रसंघ चुनाव अधिकारी प्रो. आरपी सिंह ने बताया कि सभी प्रत्याशियों के प्रमाणपत्र की जांच के बाद वैध 25 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है।
वैध दावेदारों की सूची
अध्यक्ष पद - शशि प्रकाश चंदन, प्रियेशु, गणेश राय और नीरज कुमार पांडेय।
उपाध्यक्ष - शिवजनक गुप्ता, संजय यादव, कलीमुद्दीन, अंकित कुमार और रवींद्र कुमार सिंह।
महामंत्री - प्रभु पटेल और अभिषेक सोनकर।
पुस्तकालय मंत्री - सोनाली पटेल, शुभम कुमार पाल, दीपक कुमार और मिलन मोदनवाल।
संकाय प्रतिनिधि - मानविकी से शुभम कुमार सिंह और विनोद यादव, विज्ञान और प्रौद्योगिकी से विपिन चौरसिया और उत्कर्ष चौरसिया, विधि से लोरिक यादव, समाज विज्ञान से जंग बहादुर और सौरभ चौधरी, वाणिज्य से राघव सोनकर और संदीप कुमार व समाज कार्य से शिवम पांडेय हैं।
अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी पर दर्ज हैं दो मुकदमे
वाराणसी। विद्यापीठ प्रशासन ने छात्रसंघ के उम्मीदवारों के प्रमाणपत्र की जांच के बाद वैध प्रत्याशियाें की सूची जारी कर दी है, लेकिन अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी पर दो आपराधिक मुकदमे हैं। कुलपति प्रो. एके त्यागी का कहना है वैध प्रत्याशियों की संपूर्ण सूची को पुलिस वेरिफिकेशन के लिए भेजा गया है। इसके बाद ही अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। उम्मीदवार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा होगा तो उम्मीदवारी स्वत: निरस्त हो जाएगी। ब्यूरो