बीएचयू के बिड़ला-सी और राजाराम हॉस्टल के छात्रों के बीच हुई मारपीट, पत्थरबाजी और फेंके गए पेट्रोल बम मामले को लेकर कमिश्नरेट पुलिस तगड़ी व्यवस्था करने जा रही है। शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त सुभाष चंद्र दुबे ने तीन घंटे तक बीएचयू परिसर में भ्रमण किया और चीफ प्रॉक्टर से घटना के बाबत एलडी गेस्ट हाउस में वार्ता की।
बैठक के दौरान तय हुआ कि परिसर में सीसी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी और डीवीआर को केंद्रीयकृत किया जाएगा। ताकि मारपीट की घटनाओं के बाद डीवीआर से छेड़छाड़ न हो। अभी तक हास्टलों में मारपीट के बाद सीसी कैमरे के डीवीआर से छेड़छाड़ होती रही है। बृहस्पतिवार रात की घटना में भी यही हुआ।
अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय व अपराध सुभाषचंद्र दुबे ने बताया कि छात्रों के बीच घुसे अराजकतत्वों की पहचान कराई जाएगी। हास्टलों की रूटीन चेकिंग के लिए भी चीफ प्रॉक्टर से वार्ता हुई। केंद्रीयकृत सीसी कैमरे होने से डीवीआर सुरक्षित रहेगी और अराजकतत्वों की पहचान करने में भी आसानी होगी। उन्होंने हास्टल के छात्रों को आश्वस्त किया कि किसी भी तरह का कोई बाहरी अशांति फैलाने के मकसद से आता है तो इसकी सूचना प्राक्टोरियल बोर्ड के साथ-साथ पुलिस को भी दें।