ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर कज्जाकपुरा स्थित श्री कपाल (लाट) भैरव मंदिर में अनुष्ठान का आयोजन किया गया। जग कल्याण की कामना से श्री कपाल भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में पूजन अर्चन व यज्ञ का आयोजन हुआ। बाबा श्री कपाल भैरव सहित अष्ट भैरव असितांग भैरव, रुरु भैरव, चंड भैरव, क्रोधन भैरव, उन्मत भैरव, भीषण भैरव, संहार भैरव के साथ साथ माता काली का शृंगार कर भोग प्रसाद अर्पित किया गया।
पं. रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। मध्य रात्रि तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ-साथ यज्ञ में शाकला, कारन, घी की आहुतियों का क्रम चलता रहा। पूजन संपन्न होने के उपरांत विधिवत घंट-घड़ियाल की ध्वनि और डमरू नाद के साथ आरती उतारी गई। भक्तों के हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष से पूरा परिसर गुंजायमान था। इस अवसर पर मुन्ना लाल यादव, नंदलाल प्रजापति, शिवम अग्रहरि, संतोष यादव उपस्थित रहे।
लाट भैरव भजन मंडल चलाएगा शहर भर के मंदिरों में अभियान
श्री लाट भैरव भजन मंडल के तत्वावधान में मणिकर्णिका घाट स्थित श्री नृसिंह मठ के परिसर में साफ-सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने घंटों श्रमदान कर मंदिर प्रांगण सहित वेद विद्यालय के कक्षाओं में झाड़ू लगाकर सफाई की। संस्था के अध्यक्ष केवल कुशवाहा ने कहा कि हिंदुओं की आस्था को सेवा और स्वच्छता में परिणित करने के उद्देश्य से प्रत्येक रविवार को यह आयोजन शहर के विभिन्न मठ मंदिरों में अनवरत चलाया जाएगा। इस दौरान संजय सिंह, शिवम अग्रहरि, रामप्रकाश जायसवाल, संजय बिसंबरी, धर्मेंद्र शाह, रितेश कुशवाहा, आकाश, सुशील विश्वकर्मा मौजूद रहे।