सर सुंदरलाल अस्पताल में बैठे मरीज।
- फोटो : अमर उजाला
नीट पीजी काउंसलिंग में देरी होने पर शनिवार को आईएमएस बीएचयू के जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर बैठ गए हैं। इस वजह से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीएचयू अस्पताल के साथ ही जूनियर डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर में भी ओपीडी, वॉर्ड में कामकाज ठप कर विरोध जताया। इस दौरान ओपीडी में सन्नाटे जैसा माहौल दिखा। इलेक्टिव ओटी में भी जूनियर डॉक्टरों ने कोई काम नही किया।
जूनियर डॉक्टरों ने शनिवार को सुबह आईएमएस निदेशक कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि कई बार आवाज उठाने के बाद भी पीजी काउंसलिंग में जिस तरह से देरी हो रही है, इससे कई तरह की परेशानियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है, ऐसे में जल्द से जल्द इसका निस्तारण होना जरूरी है।
इधर जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल पर जाने की वजह से अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में ओपीडी प्रभावित रही और यहां केवल वरिष्ठ डॉक्टरों ने मरीजों को देखा। इस दौरान अस्पताल के एमएस प्रोफेसर केके गुप्ता ने भी एमएस कार्यालय पर जूनियर डॉक्टरों से बातचीत की लेकिन वह अपनी हड़ताल पर अड़े हैं।