बाबतपुर रनवे विस्तार के लिए अंतराष्ट्रीय उड़ानें मार्च से मई माह तक बंद करने का समय बदलने का सुझाव दिया गया। मंगलवार को शहर उत्तरी के भाजपा विधायक रवींद्र जायसवाल ने दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू से मुलाकात कर सुझाव दिए।
केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि एयरपोर्ट एथारिटी से बातचीत कर समस्या का समाधान कराएंगे। विधायक ने बताया कि केंद्रीय मंत्री से कहा कि बाबतपुर एयरपोर्ट के रनवे विस्तार एवं मरम्मत कार्य के चलते एयरपोर्ट अर्थारिटी आफ इंडिया ने मार्च से मई माह तक तीन माह के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सुबह 10 से शाम 6 बजे तक बंद करने की घोषणा की है।
इस संबंध में होटल एसोसिएशन के लोगों ने मुलाकात कर समस्याओं के बारे में बताया था। बेहतर होगा कि उड़ानें सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक बंद की जाएं। इस दौरान निर्माण कार्य कराया जाए। इसके बाद उड़ान चालू कर दिया जाए।
इससे पर्यटन भी कम असर पड़ेगा। कारोबार पर भी कम असर पड़ेगा। रात्रि में जहाजों के संचालन के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर आधुनिक उपकरणों की आवश्यकता होती है। जो लखनऊ एयरपोर्ट पर तो है लेकिन वाराणसी एयरपोर्ट पर नहीं है।
इससे रात में यहां जहाजों के संचालन प्रभावित होगा। यहां भी हाईटेक तकनीक उपलब्ध हो तो यहां दिक्कत नहीं होगी। मुलाकात करने वालों में सुधीर मिश्र, सुरेंद्र नारायण सिंह, राकेश शर्मा शामिल रहे।