प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों आराजीलाइन में लोकार्पित यूपी के पहले पशु चिकित्सा पाली क्लिनिक में पशुओं का उच्चस्तरीय इलाज किया जाएगा। यहां सिर्फ पशुओं के सामान्य बीमारियों का इलाज ही नहीं बल्कि अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन, जांच की सुविधा भी होगी। एक करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से तीन साल में बनकर तैयार क्लिनिक का लाभ जिले के 127 गो शालाओं सहित निजी पशुपालकों को मिलेगा। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष सिंह ने बताया कि इस तरह के क्लिनिक का खुलना बड़े सौभाग्य की बात है। बनारस का यह पहला अस्पताल होगा जहां गाय, भैंस, बकरी सहित अन्य जानवरों का बेहतर इलाज होगा। फिलहाल अस्पताल की इमारत और आवास का उद्घाटन हुआ है। नवंबर के अंत में मशीनों की स्थापना, चिकित्सकों की तैनाती, लैब अटेंडेंट, फार्मेसिस्ट की नियुक्ति के बाद इलाज और जांच शुरू होगी।
इन्हें मिलेगा लाभ
जिले के निजी पशुपालकों के साथ कुल 127 गो शालाओं की 10,278 से अधिक पशुओं को लाभ मिलेगा। इसके अलावा जिले 18 अस्पतालों सहित प्रदेश के किसी भी जिले से रेफर मामलों में पशुओं के गंभीर बीमारी का इलाज भी यहां होगा।