खेलो बनारस की खेल प्रतियोगिता के वालीबाल में काशी विद्यापीठ और खोखो में आराजीलाइन की टीम विजयी रही। वहीं, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में नीरज और दौड़ और लंबीकूद में अंजली पाल अव्वल रहे। सोमवार सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो बनारस के जिला स्तरीय प्रतियोगिता के पहले चरण में तीन खेल एथलेटिक्स, वालीबाल और खोखो प्रतियोगिताएं हुई। उद्घाटन ने वाराणसी मंडल आयुक्त दीपक अग्रवाल ने किया। इस मौके पर नगर आयुक्त, जिला युवा कल्याण अधिकारी, माध्यमिक और बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सहित सैकड़ों खिलाड़ी मौजूद रहे। दूसरे चरण की प्रतियोगिता मंगलवार को होगी।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता : 11 से 16 वर्ष तक आयु वर्ग में 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में नीरज कुमार बिंद, 200 मीटर में सतीश यादव, 400 मीटर में शुभम, 800 मीटर में बृजेश, 1500 मीटर दौड़ में श्रवण ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पदक जीता। ऊंचीकूद में आकाश, डिस्कस थ्रो में बाके बिहारी, गोला फेंक में अमन और भाला फेंक में सत्यम पाल प्रथम थे। महिला वर्ग में 100 मीटर दौड़ सोनम पाल, 200 मीटर में प्रीति पाल, 400 मीटर में रोशनी, 800 मीटर में प्रकृति, 1500 मीटर दौड़ में अल्का बिंद ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पदक जीता। लंबी कूद में जगतनंदनी, ऊंचीकूद में कंचन, डिस्कस थ्रो में श्रेया, गोला फेंक में आकृति और भाला फेंक में नेहा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह 16 वर्ष से ऊपर के आयु वर्ग में 100 मीटर दौड़ सुनील, 200 मीटर में सुजीत, 400 मीटर में सूरज, 800 मीटर में आनंद, 1500 मीटर दौड़ में अखिलेश प्रथम रहे। लंबीकूद में प्रियम भारद्वाज, ऊंचीकूद में शिवम, डिस्कस थ्रो में स्वतंत्र कुमार, गोला फेंक में अनुज और भाला फेंक में राणा सिंह प्रथम रहे। महिला वर्ग में 100, 200 मीटर दौड़ और लंबीकूद में अंजली पाल, 400 मीटर में शिवानी, 800 मीटर में नेहा, 1500 मीटर दौड़ में ममता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पदक जीता। ऊंचीकूद में मुस्कान, डिस्कस थ्रो में करिश्मा, गोला फेंक में शीतल और भाला फेंक में आकांक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।