चौकाघाट-लहरतारा ओवरब्रिज इन दिनों अवैध पार्किंग का अड्डा बना हुआ है। कमलापति इंटर कॉलेज, कैंट स्टेशन, रोडवेज और अंधरापुल के सामने रोजाना अवैध पार्किंग कर मार्ग बंद कर दिया जाता है। ओवरब्रिज के नीचे डग्गामार वाहन, ऑटो व ई-रिक्शा वाहनों को बेधड़क खड़ा किया जा रहा है। इसके चलते इस मार्ग पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। दूसरी ओर यातायात व स्थानीय पुलिस इन पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
यातायात माह के तहत एक ओर लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है तो दूसरी ओर नियमों तोड़ने पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। आए दिन वाहनों की अवैध पार्किंग से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ती है। कैंट स्टेशन व रोडवेज से रोजाना डेढ़ से दो लाख यात्रियों का आवागमन होता है। बाहर से शहर में आए यात्रियों को भी जाम से होकर गुजरना पड़ता है।