स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के क्रियान्वयन और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें वाराणसी सहित तीन मंडलों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ ही निजी अस्पतालों के संचालकों, स्वास्थ्य कर्मी जुटेंगे। सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाली इस कार्यशाला में आयुष्मान योजना पर विशेष फोकस किया जाएगा।
सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही अन्य चिकित्सा इकाइयों में डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में अलग-अलग कार्यक्रम चल रहा है। बुधवार को होने वाली कार्यशाला को लेकर सीएमओ कार्यालय में दिन भर तैयारियां चलती रहीं। सीएमओ डाॅ. एनपी सिंह ने बताया कि कार्यशाला में वाराणसी, आजमगढ़, मिर्जापुर मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य, इसके तहत आने वाले जिलों के सीएमओ, अन्य स्वासथ्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान शासन स्तर से चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव रितु माहेश्वरी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरती वर्मा शामिल होंगी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य संस्थानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, एबीएचए आईडी, स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक के उपयोग से संबंधित विषयों पर चर्चा की जाएगी।