राजातालाब तहसील परिसर में गुरुवार को महिला अधिवक्ता ने मनबढ़ों पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित अधिवक्ता उपजिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। पीड़ित अधिवक्ता के भाई की तहरीर पर राजातालाब थाने में तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। देर रात तक धरना जारी रहा।
अधिवक्ता के भाई का आरोप है कि लोहता के बिशुनपुरा निवासी मनबढ़ों ने मुकदमे की एक पैरवी को लेकर असलहे की मुठिया से हमला किया और बहन के साथ छेड़खानी की। वहीं एसडीएम न्यायालय के सामने धरने पर बैठे अधिवक्ताओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए उप जिलाधिकारी राजातालाब अपना सरकारी वाहन परिसर से नहीं निकाल सके।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी को खंगाला तो कैमरा ही खराब निकला। घटना को लेकर अधिवक्ताओं व तहसील बार एसोसिएशन ने रोष जताया। धरने पर बैठे अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
उधर, एसडीएम राजातालाब उदयभान सिंह ने बताया कि इस मामले में तहसील प्रशासन का कोई सरोकार नहीं है। यह कानून व्यवस्था का मामला है, जिसकी पुलिस द्वारा जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साइबर थाने में आईजी रेंज के. सत्यनारायणा
- फोटो : अमर उजाला
आईजी रेंज के. सत्यनारायणा ने गुरुवार देर शाम सारनाथ स्थित साइबर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान साइबर क्राइम के लंबित मामलों और कई पीड़ितों के मुकदमे दर्ज नहीं होने पर आईजी रेंज ने थाना प्रभारी पर नाराजगी जताई।
आईजी रेंज के. सत्यनारायणा शाम 6.30 बजे साइबर क्राइम थाने पहुंचे और अपराध रजिस्टर को खंगाला, जिसमें रजत अग्रवाल, रमाकांत राम, अमित प्रताप सिंह, सुरेश प्रसाद, अक्षय कुमार सहित कई पीड़ितों का साइबर से संबंधित मामलों में मुकदमा दर्ज नहीं था। वहीं कई मामले में लंबित पड़े होने के कारण प्रभारी राहुल शुक्ला सहित उप निरीक्षकों को फटकार लगाई।
इस दौरान के. सत्यनारायणा ने बताया कि साइबर क्राइम की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है। इस पर सुधार लाने की जरूरत है। साइबर क्राइम थाने की कार्य प्रणाली में सुधार लाने के लिए हर महीने निरीक्षण किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान आईजी रेंज ने पीड़ितों से फोन पर फीडबैक भी लिया।
पीड़ित नेहा सिंह के बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से लगभग चार लाख रुपये निकल गए थे। नेहा सिंह के मोबाइल पर फोन कर फीडबैक लिया, जिसमें नेहा सिंह ने बताया कि अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आईजी रेंज ने विवेचक चंद्रदीप कोपीड़ित के साथ कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया।