अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिनें बृहस्पतिवार को हरितालिका तीज का व्रत रखेंगी। पति की दीर्घायु के लिए रखे जाने वाले इस व्रत को लेकर उनमें खासा उत्साह है। मंगलवार को बाजारों में खासी रौनक दिखी। जहां सजने संवरने से लेकर पूजा सामग्रियाें की खरीदारी में महिलाएं पूरे दिन लगी रहीं। ब्यूटी पार्लरों में भी तीज को लेकर खासी रौनक छाई रही। वहीं, बाजारों से लेकर शॉपिंग मॉल में मेहंदी लगवाने के लिए महिलाएं बुकिंग कराने में व्यस्त रहीं।
हरितालिका तीज सुहागिनों के लिए बेहद खास होता है। महिलाएं निर्जल व्रत रखती हैं। कुंवारी लड़कियां भी तीज का व्रत रखतीं है। इस दिन शिव व गौरा माता की पूजा की जाती है। सुबह भोर में अल्पाहार करने के बाद पूरे दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखेंगी। कथा के साथ ही रात भर भजन कीर्तन के साथ जागरण करेंगी। सुहाग से जुड़े इस व्रत में महिलाएं खास तौर पर सजती-संवरती हैं। इस सोलह शृंगार की सभी चीजें नई होती हैं। ऐसे में साड़ी, चूड़ी, बिंदिया, पायल, बिछिया से लेकर साज-शृंगार की खरीदारी के लिए मंगलवार को बाजारों में काफी भीड़ रहीं।
लगवाऊंगी पिया के नाम की मेहंदी
चेतगंज निवासी सोनाली विश्वकर्मा बताती है कि पिछले साल लॉकडाउन के दौरान मेरी शादी तो हुई पर कई रस्में नहीं निभाई जा सकीं। मलमास के कारण तीज का व्रत भी नहीं रख सकी। यह पहली बार होगा जब तीज व्रत पर पिया के नाम की मेहंदी लगवाऊंगी।
पति के साथ की तीज की खरीदारी
सिगरा निवासी अर्चना गुप्ता बताती है विकास और मेरी शादी दिसंबर में हुई थी, शादी के बाद यह मेरी पहली तीज है। काफी उत्साहित हूं, पति के साथ मिलकर ही ड्रेस के साथ साज-शृंगार के सामानों की खरीदारी की है।
पहली तीज के लिए हूं उत्साहित
पांडेयपुर निवासी श्रेया गुप्ता बताती हैं मेरी शादी दो महीने पहले जुलाई में हुई है। शादी के बाद पहली तीज के लिए ससुराल में तैयारी है। घर पर मेहंदी वाले को बुलाकर मेहंदी लगवाने के साथ दुल्हन की तरह शृंगार करूंगी।