ज्ञानवापी परिसर में सर्वे का काम पूरा
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद कमीशन की कार्यवाही में जुटे वादी पक्ष के लोगों ने हर-हर महादेव के नारे लगाए। फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के बीच ही वादी पक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता हरिशंकर जैन बाहर निकले और कोर्ट पहुंचकर आवेदन दिया कि सोमवार को सर्वे के दौरान शिवलिंग मस्जिद परिसर में पाया गया है। यह महत्वपूर्ण साक्ष्य है।
ऐसे में सीआरपीएफ कमांडेंट को आदेशित किया जाए कि वहां मुस्लिम समुदाय के सभी लोगों का प्रवेश वर्जित करें। मात्र 20 लोगों को नमाज की इजाजत दी जाए और वहां वजू करने से रोक दिया जाए। सिविल जज सीनियर डिवीजन ने जिलाधिकारी को आदेश दिया कि जिस जगह पर शिवलिंग मिला है, उस जगह को तत्काल प्रभाव से सील कर दें। सील किए गए स्थान पर किसी भी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित किया गया है।
ज्ञानवापी परिसर का सर्वे पूरा
- फोटो : अमर उजाला
अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने कहा कि जिसे शिवलिंग बताया जा रहा है, वह पानी के फव्वारे के पास का एक हिस्सा है। जितनी भी पुरानी मस्जिदें हैं, उन सभी जगहों पर काले या सफेद पत्थर युक्त पानी का फव्वारा होता है। अदालत ने हौद को सील करने का आदेश दिया है। मसला अदालती है, इस नाते क्या कहा जाए। सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई होगी।
वहीं हिंदू पक्ष के वकील हरिशंकर जैन ने कहा कि तीसरे दिन सर्वे की कार्यवाही के दौरान शिवलिंग मिला है। सर्वे के दौरान शिवलिंग दिखते ही मैं कोर्ट चला गया। उस जगह को सुरक्षित करने के लिए प्रार्थनापत्र दिया।
बाहर आते ही बोले, अंदर बाबा मिल गए
कमीशन की कार्यवाही के अंतिम दिन ज्ञानवापी मस्जिद परिसर से बाहर आते ही हिंदू पक्ष के पैरोकार डॉ. सोहन लाल ने दावा किया कि अंदर बाबा मिल गए हैं। फिर बोले, जिन खोजा तिन पाइयां....तो समझिए जो खोजा रहा था, उससे कहीं ज्यादा मिला है। अब पश्चिमी दीवार के पास जो 75 फुट लंबा, 30 फुट चौड़ा और 15 पुट ऊंचा मलबा है, उसके सर्वे की मांग उठाएंगे।
अधिवक्ता आयुक्त अजय कुमार मिश्र की ओर से कमीशन की कार्यवाही की विस्तृत रिपोर्ट मंगलवार को न्यायालय में सौंपी जा सकती है। न्यायालय ने रिपोर्ट दाखिल करने की तिथि 17 मई नियत की है। अधिवक्ता आयुक्त का कहना है कि रिपोर्ट समय पर सौंपने की कोशिश होगी। अगर कोई दिक्कत आएगी तो न्यायालय से समय मांगा जाएगा।
न्यायालय के आदेश का अनुपालन सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने कहा कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्य करते हुए आपसी सामंजस्य बनाए रखने के लिए सभी से बातचीत भी की गई है। सभी से अपील है कि इस प्रकरण को लेकर फिलहाल शांति बनाए रखें।
- कमीशन की कार्यवाही में शामिल एक व्यक्ति को खबर लीक करने के आरोप में रोका गया
- ज्ञानवापी के गुंबद की वीडियोग्राफी हुई और इसकी बनावट की फोटोग्राफी हाईलैंस कैमरे से की गई
- वजू खाने में पानी और मछलियां निकालने के बाद अंदर कैमरा से हुई वीडियोग्राफी में दिखा शिवलिंग