वाराणसी शहर की हृदयस्थली गोदौलिया में 21.17 करोड़ रुपये से बन रहे मल्टीस्टोरी पार्किंग का काम 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के बाद गंगा घाट व काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले लोगों की पार्किंग की समस्या से निजात जाएगी। इसमें एक समय में 375 दो पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। 16500 वर्ममीटर क्षेत्रफल में 90.42 करोड़ की लागत से बन रहे टाउन हाल पार्किंग का काम सितंबर तक पूरा किया जाएगा। इसमें एक साथ 375 चार पहिया और 150 दो पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग के ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर पर 15 जुलाई से ट्रैक पर वाहन चालकों की परीक्षा शुरू हो सकती है। पांच करोड़ रुपये की इस परियोजना को करौंदी में तैयार कर लिया गया है। इसमें ट्रैक को तैयार करने में 15 से 20 दिन का समय और लग सकता है। इसके बाद वाराणसी में ड्राइविंग लाइसेंस बिना ट्रैक पर टेस्ट के नहीं मिलेगा। करीब दो साल पहले शासन ने सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए ड्राइविंग टेस्ट सेंटर खोलने का निणर्य लिया था।
बीएचयू में 100 बेड का एमसीएच विंग महीनों पहले तैयार कर लिया गया है। पिछली बार एमएलसी चुनाव की आचार संहिता के कारण इसका लोकार्पण नहीं किया जा सका था। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान पांडेपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में 50 बेड महिला अस्पताल के लिए बना लिया गया है। इसमें बिजली कनेक्शन सहित फिनिशिंग के थोड़े काम बचे हैं। जून महीने में इसे लोकार्पण के लिए तैयार कर लिया जाएगा।