प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह से पहले भी काशी के विभिन्न घाटों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गंगा पूजन किया। साथ ही देश के और विकास की कामना की। भाजपा कार्यकर्ता अपने हाथ में नरेंद्र मोदी का चित्र लेकर पूजन-अर्चन कर रहे हैं। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के लिए काशी से जोरदार आह्वान किया। इस दौरान हर-हर मोदी के जयकारे भी लगे।
पीएम मोदी के लिए पूजन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
पीएम मोदी राष्ट्रपति भवन में भारत के प्रधानमंत्री के रूप में तीसरी बार शपथ लेंगे। एनडीए के गठबंधन में बनी सरकार समृद्ध व विकसित भारत के निर्माण में सफलता की नई गाथा लिखे, इस हेतु रविवार को दशाश्वमेध घाट पर नमामि गंगे वाराणसी महानगर की ओर से मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर भव्य आरती उतारी गई।
नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नारी शक्ति सहित आमजन ने आरती में सहभागिता की। आरती के दौरान हाथों में पीएम मोदी की तस्वीरों सहित मोदी के विराट संकल्पों जैसे विकसित भारत, विश्व गुरु भारत, श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत, तीसरी आर्थिक महाशक्ति बने भारत आदि लिखी तख्तियां लिए भारत माता की जयजयकार गंगा मईया, हर हर महादेव के जयघोष कर रहे थे।
इसके पूर्व टीम ने गंगा दशहरा के अवसर पर चलाए जा रहे 10 दिवसीय स्वच्छता अभियान के तीसरे दिन गंगा किनारे सफाई की। जिसमें लगभग 12 गट्ठर से अधिक कूड़े मां गंगा के आंचल से निकाले गए।
गंगा का दुग्धाभिषेक करते भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा अनूप जायसवाल के नेतृत्व में दशाश्वमेध घाट पर नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण के दिवस पर एनडी/ भाजपा सरकार बनने पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक व पूजन अर्चन किया गया। इस दौरान अजय गुप्ता, प्रदीप जायसवाल, मंगलेश जायसवाल, अनुप गुप्ता, जयकिशन गुप्ता, गोपाल, मोनू गुप्ता, सुबीर गुप्ता, धीरेन्द्र शर्मा, आदित्य गोयनका आदि रहे।