कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सलाहकार रहे सुधींद्र कुलकर्णी ने कहा कि वर्तमान भाजपा अटल जी के समय की भाजपा न होकर सिर्फ दो लोगों की पार्टी बनकर रह गई है। यह दो बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है।
बृहस्पतिवार को संकट मोचन क्षेत्र में सुधींद्र कुलकर्णी ने कहा कि कांग्रेस राहुल और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। देश के गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं के हक के लिए लगातार संघर्षरत है। छत्तीसगढ़ सरकार में गो सेवा अध्यक्ष पंडित रामसुंदर दास ने कहा कि गाय और गंगा हिंदू आस्था के प्रतीक हैं।
इनका सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन आज यह उत्तर प्रदेश में बदहाल स्थिति में हैं। बनारस में विकास के नाम पर विश्वनाथ मंदिर के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ कर लोगों की धार्मिक भावनाओं के साथ खेला गया है। इस दौरान पूर्व मंत्री एसएन शर्मा, प्रो. मल्लिकार्जुन जोशी, प्रो. एके पांडेय, पं. राजेंद्र तिवारी, विजय मेहता और संजीव सिंह मौजूद रहे।