चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया के पास नेशनल हाइवे पर शनिवार की शाम दो मोटरसाइकिल की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल फुटबॉल खिलाड़ी युवक की इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज के घोरावल थाना क्षेत्र के विपिन कुमार (35) बिहार से संतोषी देवी (32), अश्वनी मौर्य (7) और आस्था मौर्य (9) बाइक से सवार होकर घर जा रहे थे। वहीं, सदर कोतवाली डेवढील गांव निवासी राजेश उर्फ रेनू (23) अपने भतीजे प्रवीण बिंद (15) को लेकर चंदौली किसी काम के लिए गया था। जैसे ही दोनों मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास नेशनल हाईवे पहुंचे कि दोनों की मोटरसाइकिल आपस में टकरा गई।
इस दौरान आसपास के लोगों ने मोबाइल से परिजनों को सूचना देते हुए घायलों को जिला चिकित्सालय ले गए, जहां राजेश और अश्विनी की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वहीं, राजेश उर्फ रेनू की इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घर में पिता केशव बिंद माता फुलकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पांच भाइयों में राजेश सबसे छोटा था। वह अभी पढ़ाई कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि राजेश मिलनसार स्वभाव के साथ ही वह फुटबॉल का अच्छा खिलाड़ी था। वह जिला स्तर पर कई बार प्रतियोगिताओं में भाग ले चुका था। सदर कोतवाल गगन राज सिंह ने बताया कि दो बाइक आपस में टकरा गई थी, जिसमें एक की मौत हो गई है और पांच लोग घायल हैं। शव को कब्जे में लेकर आगे कार्रवाई की जा रही है।