क्रेन से पटरी पर पलटी बोगियों को उठवाया गया
- फोटो : अमर उजाला
बनारस रेलवे स्टेशन के ठीक पहले मंगलवार की रात को मालगाड़ी के पांच बोगियों के पलटने के करीब 17 घंटे बाद बुधवार को दोपहर में परिचालन सामान्य हुआ। इसके बाद पटरी पर ट्रेनें दौड़ने लगीं। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने ट्रैक मैन को लगातार निगरानी करते रहने का निर्देश दिया। इधर, मालगाड़ी की पांच बोगियों के पलटने की घटना की जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है।
रेल मंडल प्रबंधक रामाश्रय पांडेय ने बुधवार को तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया। इसमें वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी राहुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अनुज शर्मा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर एसपी श्रीवास्तव को कमेटी में रखा गया है। जांच कमेटी को पूरे घटना की गहनता से जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। अब सभी को मामले की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
गौरतलब है कि वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन से प्रयागराज की ओर जा रही मालगाड़ी बनारस रेलवे स्टेशन के ठीक पहले मंगलवार रात करीब 9.20 बजे पलट गई थी। इससे अप लाइन का रूट प्रभावित हो गया था। इसके बाद बनारस स्टेशन से चलने वाली कुछ गाड़ियों को वाराणसी सिटी से चलाई गई तो कुछ गाड़ियां वाराणसी कैंट से भी चलानी पड़ी।