सिपाही के परिवार को सौंपा गया 30 लाख का चेक।
- फोटो : अमर उजाला।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले वाराणसी में तैनात रहे सिपाही राहुल कुमार के परिजनों को 30 लाख रुपये का चेक आईजी रेंज विजय सिंह मीना ने सौंपा। इस दौरान आईजी रेंज ने कहा कि एचडीएफसी बैंक का यह योगदान पीड़ित परिजनों को विषम परिस्थितियों में एक ठोस आर्थिक सहारा बनकर बल देगा।
आईजी रेंज ने पुलिसकर्मियों को हर तरह की परिस्थिति में सतर्क रह कर ड्यूटी करने के लिए कहा। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक ने कहा कि वही समाज समृद्ध और सशक्त होता है जहां सभी संस्थाएं एक-दूसरे के साथ मिलकर व्यक्ति और समूह के हित के लिए कार्य करती हैं।
वहीं, एचडीएफसी बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष टंडन ने कहा कि हमारा संस्थान समाज के इन प्रहरियों के लिए सदैव तत्परता के साथ खड़ा है। गौरतलब है कि अयोध्या के हैदरगंज के मूल निवासी सिपाही राहुल कुमार जंसा थाने में तैनात थे। दो जुलाई 2020 को सुल्तानपुर में सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी।