चंदौली में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में सोमवार को पशुधन प्रसार अधिकारी बबिता पांडेय ने हंगामा किया। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. एसपी पांडेय के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। कार्यालय के बाहर तैनात दो महिला पुलिस कर्मियों से भी उलझ गई। सीवीओ ने इस मामले तहरीर दी है। आरोप लगाया कि बबिता पांडेय कई दिनों से अनुपस्थित थीं।
वेतन रोकने पर उन्होंने हंगामा किया है। बबिता पांडेय सदर ब्लाक स्थित डिप्टी सीवीओ कार्यालय में पशुधन प्रसार अधिकारी हैं। वह 22 जून से दफ्तर नहीं आ रही थीं। इस पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. महेशचंद्र की संस्तुति पर सीवीओ ने उनका वेतन रोक कर दिया।
सीवीओ ने बताया कि महिला अफसर ने 10 जुलाई को डिप्टी सीवीओ को फोनकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए दफ्तर में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को देख लेने की धमकी दी थी। उन्होंने सोमवार को दफ्तर आने की बात कही थी।
उन्होंने बताया कि मामले से डीएम नवनीत सिंह चहल, पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल के साथ ही विभाग के अपर निदेशक वाराणसी और निदेशक लखनऊ को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया गया है। आरोप है कि सोमवार की सुबह पशुधन प्रसार अधिकारी दफ्तर पहुंची और महिला पुलिसकर्मियों से उलझ गईं।