वाराणसी। कोरोना के चलते जिला जेल और सेंट्रल जेल में मुलाकात पर लगी रोक 16 अगस्त से हट जाएगी। बंदियों व कैदियों से अब परिजन मुलाकात कर सकेंगे। हालांकि मुलाकात के समय तीन दिन के अंदर की आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट जेल प्रशासन को दिखाना होगा। बगैर मास्क लगाए कोई भी व्यक्ति जेल के अंदर दाखिल नहीं हो सकेगा। एक बंदी से सप्ताह में एक बार दो लोग मुलाकात कर सकेंगे।
जिला जेल अधीक्षक अरुण कुमार सक्सेना के अनुसार कोविड महामारी को देखते हुए फोन की भी व्यवस्था की गई है। 15 फोन के माध्यम से बंदी अपने परिजनों से बात कर सकते हैं। इसके लिए बंदी को पहले जेल प्रशासन को दो नंबर देने होेंगे। इस समय जिला जेल चौकाघाट में 2377 बंदी हैं। वहीं सेंट्रल जेल शिवपुर में 1600 बंदी निरुद्ध हैं। कोविड प्रोटोकाल का पालन कराते हुए बंदियों को परिजनों से मुलाकात कराया जाएगा।