पार्षद इंद्रेश सिंह ने बताया कि इसकी एक्सपायरी दवाओं के रखने की जानकारी सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी को दी गई। उन्होंने भी दिखवाया तो वहां एक्सपायरी दवाएं मिलीं, जिसको हटवाया गया। जिस जगह किराए के भवन में स्वास्थ्य केंद्र चल रहा था, वहां से सभी सामान यहां नए भवन में लाया गया है। उसी में ये दवाइयां आ गई है। इधर सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने भी इसे कर्मचारियों की लापरवाही बताया है। कहा कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधायक ने किया लोकार्पण
पत्थरगली में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का बृहस्पतिवार को शहर दक्षिणी के विधायक डाॅ. नीलकंठ तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लोकार्पण किया। 21 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा स्वस्तिक वाचन, वैदिक पाठ एवं सुंदरकांड कर जगह का शुद्धिकरण कार्य किया गया। करीब 1300 स्क्वॉयर फीट में बने स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित ओपीडी चलने के साथ ही लोगों को निशुल्क दवाइयां भी मिलेंगी।
विधायक ने कहा कि जब देश में कोरोना काल का संकट आया तब सभी लोग सरकारी अस्पतालों पर ही आश्रित रहे। लोगों को स्वस्थ रखने में इन अस्पतालों, एवं प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस दौरान डाॅ. वीरेंद्र प्रताप सिंह, महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, आत्मा विशेश्वर, अशोक जाटव, जिला उपाध्यक्ष प्रभात सिंह, महानगर मंत्री दिलीप साहनी मौजूद रहे।