रंगदारी के लिए दो माह पूर्व अगवा युवक की हत्या में आरोपी दोस्त हिरासत में
दो माह पूर्व तीन लाख की रंगदारी के लिए अगवा शशांक सिंह की हत्या में दोस्त को पुलिस ने हिरासत में लिया है। ऊंदी गांव से शव का अवशेष पुलिस ने बरामद किया है। गुरुवार को इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया। डीसीपी वरूणा, कैंट एसीपी ने आरोपी से पूछताछ की। शुक्रवार को पुलिस आरोपी को मीडिया के सामने पेश करेगी।
थाना क्षेत्र के सरसवा शिवपुर निवासी नितेश कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि छोटे भाई शशांक सिंह पटेल को 31 मार्च को शाम 7 बजे शशांक के मित्र सरसवा निवासी रोहित पटेल घर पहुंचा और बाइक से उसे बाजार ले गया। लेकिन काफी समय बीत जाने पर भाई घर नहीं लौटा।
रात 10.30 बजे भाई शशांक सिंह के मोबाइल से एक मैसेज व्हाट्सएप पर आया, जिस पर लिखा था कि अपने भाई को जिंदा देखना चाहते हो तो कल शाम तक तीन लाख रुपए तैयार रखना। फोन करूंगा किसी को बताया तो तुम्हारे भाई का शव मिलेगा। इसके बाद उक्त नंबर की लोकेशन नहीं मिली। पुलिस काफी दिनों से इस केस को सुलझाने में लगी थी।
ठेठ बनारसी, रेनबो ट्रैवल्स समेत चार ठिकानों पर सीजीएसटी का छापा
रेनबो आईटी वर्ल्ड की सिगरा-रविंद्रपुरी में दुकानों, ठेठ बनारसी बाटी चोखा के अस्सी घाट और तेलियाबाग रेस्टोरेंट और रेनबो ट्रैवल्स के ठिकाने पर सीजीएसटी वाराणसी की निवारक शाखा ने छापा मारा। बुधवार रात तक चली कार्रवाई में अधिकारियों ने फर्मों द्वारा की जा रही कर चोरी से संबंधित दस्तावेज जब्त किए।
पंजीकरण निरस्त होने के बावजूद रेनबो ट्रैवल्स ग्राहकों से जीएसटी वसूल रहा था। शाखा अधिकारियों ने बताया कि रेनबो आईटी वर्ल्ड दुकान को पंजीकृत नहीं किया गया था, जबकि ठेठ बनारसी बाटी चोखा के अस्सी घाट के रेस्टोरेंट की ओर से लगातार शून्य रिटर्न दाखिल किए जा रहे थे। रेनबो का पंजीकरण 2021 में ही निरस्त किया गया था। बावजूद फर्म ग्राहकों से जीएसटी वसूल रहा था।
सीजीएसटी के आयुक्त विनिष चौधरी ने बताया कि कर चोरी से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं और इसकी जांच की जा रही है। उपभोक्ता को अब जागरूक रहने की जरूरत है। कोई व्यवसायी जीएसटी बिल नहीं देता है तो उसकी सूचना पत्र या ई-मेल माध्यम से विभाग को दें। ऐसे लोगों की जानकारी गुप्त रखी जाएगी। शिकायत की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।
विजयानगरम मार्केट के 18 होटल, गेस्ट हाउस को निगम का नोटिस
शहर के कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट के 18 होटल, गेस्ट हाउस संचालकों को नगर निगम ने बृहस्पतिवार को नोटिस थमाया है। मार्केट विजयानगरम स्टेट की ओर से बसाई गई है। यहां अवैध निर्माण पर जल्द ही नगर निगम का बुलडोजर चलेगा। अधिकारियों ने बताया कि शासन से मिले निर्देश के क्रम में कार्रवाई की जा रही है।
मार्केट में वर्षों से 118 दुकानदार नगर निगम के किरायेदार हैं, इन्हें जिस समय जगह दिया गया था। वह काफी छोटी जगह थी। दुकानदारों ने स्थान पर कई तल का निर्माण अवैध तरीके से कराया। इसकी जानकारी नगर निगम को भी नहीं दी। एक दुकानदार ने नाम न छापने के आग्रह पर बताया कि अपनी दुकानों पर निर्माण करवाया है जिसे नगर निगम ने अवैध बताया है।
पहले की जो दुकानें थीं वो गड्ढे में थीं काफी दिक्कतें थीं। जब हम सभी निर्माण करवा रहे थे। तब कोई भी अधिकारी रोकने नहीं आया। किराया लेने हर महीने नगर निगम के कर्मचारी आते हैं। किसी ने हमें नहीं रोका और आज हमें अवैध बताया जा रहा है। राजस्व विभाग से जुड़े कुछ अधिकारियों की भी भूमिका संदिग्ध है। मामला बीते डेढ़ साल से लटका है। उम्मीद है कि जल्द ही इसे लेकर फैसला हो जाएगा।
आधा किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार
सारनाथ के राजनहिया में एक कटरे से पुलिस ने आधा किलो गांजे के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत गश्त के दौरान सूचना मिली कि दो लोग गांजे की पुड़िया बनाकर बेचने वाले हैं। उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह ने आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में अपना नाम चंदौली थाना अलीनगर ग्राम डिहवा के राजा यादव व थाना मुगलसराय के सूरज यादव बताया। उनके पास से 544 ग्राम गांजा व 2820 रुपये मिले।
अचेता अवस्था में मिली युवती
मिर्जामुराद के मेहंदीगंज गांव के रिंग रोड पर सर्विस रोड के किनारे गुरुवार शाम संदिग्ध परिस्थिति में एक 20 साल की युवती अचेत अवस्था में मिली। पुलिस ने उसे जक्खिनी सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने बताया कि युवती नशे में है। कुछ देर बाद होश में आई युवती ने अपनी पहचान बताई। युवती के चाचा अस्पताल पहुंचे और उसे ले गए। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडे ने युवती के चाचा को बताया वह नशे की सेवन करती है। जिसकी वजह से बेहोश हो गई थी।
युवक को अगवा कर पीटा, 50 हजार भी लूटे
लहुराबीर में युवक को अगवा कर पिटाई और लूट के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को चेतगंज थाने में केस दर्ज किया गया। महामंडल नगर निवासी पीड़ित सतीश कुमार राय ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात 12 बजे के बाद सौम्या सेन, टाइगर (कुनाल) श्रीवास्तव व दो अज्ञात ने लहुराबीर चौराहे पर रोका।
फिर गाड़ी में बिठाकर मारा पीटा। मोबाइल, डेबिट कार्ड छीन लिए और यूपीआई से पैसे निकालवाए। साथ ही 50 हजार की नकदी भी लूट ली। लहरतारा के पास वाहन से उतारकर भाग निकले। चेतगंज इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सीसी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
दुकान से डेढ़ लाख नकदी और टेबलेट से भरा बैग चोरी
भिखारीपुर में हार्डवेयर की दुकान से उचक्के ने गुरुवार को 1.30 लाख नकदी और टैबलेट से भरा बैग पारकर दिया। सीसीटीवी में घटना कैद है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा के रहने वाले उदय लाल मौर्य की भिखारीपुर में हार्डवेयर की दुकान है। सुबह 10 बजे उदयलाल दुकान के बाहर कुछ काम से निकले और इसी दौरान काउंटर पर रखा बैग उचक्का लेकर भाग गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जाएंगे।
सिक्योरिटी गार्ड बनाने के लिए दो हजार लिए, वापस कराया
सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर दो हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पैसा वापस करा दिया। शिवपुर निवासी सुरेंद्र सिंह ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर बताया कि चोलापुर निवासी कैलाश यादव ने एक कंपनी में सिक्याेरिटी गार्ड की नौकरी लगवाने के नाम पर दो हजार रुपये ले लिए। इसके बाद उसे एक फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। मड़ौली चौकी इंचार्ज राहुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को बुलवाया और पीड़ित के पैसे वापस करवाए दिए।
नाबालिग को अगवा करने वाला आरोपी गिरफ्तार
मंडुवाडीह क्षेत्र में नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अगवा करने वाले आरोपी सोनू गोस्वामी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। लहरतारा चौकी प्रभारी अमरजीत कुमार मौर्य ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर चांदपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की कैद
किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) नितिन पांडेय की अदालत ने दोषी विनोद शुक्ला को 20 साल की कैद और 10500 रुपये का अर्थदंड लगाया है। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कुमार सिंह ने पक्ष रखा। वादिनी ने कपसेठी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप था कि उसकी बेटी चार सितंबर 2020 को घर में अकेली थी। लोहराडीह कपसेठी निवासी विनोद शुक्ला घर में पहुंचा और बेटी को अमरूद देने के बहाने मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुत्री के शोर मचाने पर विनोद ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह अचेत हो गई। थोड़ी देर बाद पीड़िता के दादा-दादी पहुंचे तो उसे सूचना दी।
छेड़खानी के मामले में दो सगे भाइयों को मिली जमानत
आशा कार्यकर्ता से छेड़खानी और मारपीट के मामले में दो सगे भाइयों की जमानत प्रभारी अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट (अष्ठम) मनीष कुमार की अदालत ने मंजूर कर ली। आकाश गौड़ व दीपक उर्फ प्रभु को 20-20 हजार रुपये की दो जमानत और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
इंस्टाग्राम व फेसबुक पर गलत चैटिंग पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
फेसबुक व इंस्टाग्राम पर चैटिंग कर बदनाम करने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के मामले में तीन पर मुकदमा दर्ज हुआ है। चित्तापुर ग्राम निवासी आराध्या मौर्या ने तहरीर में बताया कि उसका पड़ोसी फेसबुक व इंस्टाग्राम पर अश्लील चैटिंग करता है। विरोध करने पर धमकी दे रहा था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि युवती की तहरीर पर विवेक, विशाल और चंद्रावती मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है।
चोरी का अभियुक्त गिरफ्तार
रोहनिया के नरउर में चोरी का रोहनिया पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चोरी में शामिल अभियुक्त को मोहनसराय से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी बीकापुर रोहनिया निवासी अंकित पटेल था। उसके पास से 1400 रुपये नगद, एक रॉड भी मिला है।
भूमि आवंटन व घरौनी की मांग
उड़ान ट्रस्ट इंडिया और नट समुदाय संघर्ष समिति की ओर से गुरुवार को कठिराव (जंगलपुर) मुसहर बस्ती के लोगों को भूमि आवंटन व आवासीय पट्टे दिलाने की मांग की गई है। कहा कि भूमि अधिकार और आवासीय पट्टे की मांग उनके मूलभूत अधिकारों से जुड़ी है। स्वामित्व योजना के लागू होने के पांच वर्षों के बाद भी उन्हें न घरौनी मिल रहा है, और न आवासीय पट्टा, विमुक्त समाज लगातार इस मांग को उठा रहा है।
मंगलसूत्र चोरी के प्रयास में दो किशोरियों को महिला ने पकड़ा
सारनाथ के पंचक्रोशी चौराहा के पास गुरुवार को ऑटो सवार महिला के मंगलसूत्र को चोरी के प्रयास में दो किशोरियों को पकड़ा गया। महिला ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंपा। पुलिस ने मंगलसूत्र रख दो घंटे बाद पीड़िता को बुलया। किशोरियों को महिला पुलिस ने हिरासत में लिया।
घूरहुपुर की रहने वाली सीमा ने पुलिस को बताया कि वह कोटवा में रिश्तेदार के घर से लौट रही थी। पंचकोशी चौराहे से सारनाथ के लिए ऑटो में बैठी, तभी पास में दो अन्य लड़कियां भी बैठीं। सारनाथ म्यूजियम के पास गले से मंगलसूत्र नोच लिया। इसी दौरान महिला की नजर पड़ी गई और दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बिना कागजात चंदासी मंडी जा रहा चार ट्रक कोयला पकड़ा
सोनभद्र में रेणुकूट पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार की देर रात कोयला लदे चार ट्रकों को खड़ा करा लिया। ये ट्रक बीना खदान से कोयला लेकर चंदासी कोल मंडी चंदौली जा रहे थे। ट्रक चालकों के पास कोयला परिवहन से संबंधित कागजात नहीं थे। चारों ट्रक सिंगरौली के ट्रांसपोर्टर के हैं।
रेणुकूट वन प्रभाग क्षेत्र के पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार को बुधवार की रात सूचना मिली कि बीना कोयला खदान से चार ट्रक अवैध रूप से कोयला लेकर चंदासी स्थित कोयला मंडी की ओर से जा रहे हैं। सूचना पर वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और रात लगभग 12.30 बजे अनपरा की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोका गया। ट्रक चालक से कागजात मांगे गए, जो नहीं दिखा सका। इस पर ट्रक चालक को बैठा लिया गया।
पूछताछ की गई। इसी बीच तीन और ट्रक आ गए। टीम ने ट्रक चालकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। ट्रक आगे की ओर निकल गए। वन विभाग की टीम ने पीछा किया। दो ट्रक रिहंद बांध के समीप स्थित पौधशाला के पास रोके गए। एक ट्रक का पीछा पिपरी एसओ सत्येंद्र राय ने किया और उसे रोका। तीनों चालक ट्रक खड़ा करके भाग निकले। रेंजर राघवेंद्र कुमार ने बताया कि जिस ट्रक के चालक को पकड़ा गया है, उसका चालक रॉबर्ट्सगंज निवासी रामभल है। पूछताछ में रामभल ने बताया कि चारों ट्रक पर बीना स्थित खदान से कोयला लोड किया गया था।
भोजपुरी गाने पर पिस्टल लेकर बनाई रील, केस दर्ज
भोजपुरी गाने पर पिस्टल के साथ रील बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करना युवक को भारी पड़ गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में युवक की आईडी से भगवान श्रीराम का से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट भी मिला है। युवक की पहचान अभी तक नहीं की जा सकी है। इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट की पुलिस से शिकायत की थी। इस पोस्ट में युवक पिस्टल लहराते हुए अलग-अलग भोजपुरी गाने पर रील बनाते दिख रहा है। शिकायत का संज्ञान लेते हुई घोरावल पुलिस ने हंटर स्टूडेंट नाम की इंस्टाग्राम आईडी और आरोपी युवक पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच में इसी आईडी से भगवान श्रीराम से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट मिला है। यही वीडियो कुछ दिन पहले हाथीनाला थाना क्षेत्र के एक युवक ने भी पोस्ट किया था।
भाजपा नेता के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू
आजमगढ़ के बिलरियागंज पुलिस ने भाजपा नेता अरविंद गुप्ता और उनके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ बुधवार को एससी/ एसटी एक्ट, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई रौनापार थाना क्षेत्र के चांदपट्टी गांव निवासी अंकुल कुमार की शिकायत पर की गई है।
अंकुल कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार को दाना भुनवा रहे थे, तभी अरविंद गुप्ता और उनके पांच साथियों ने गाली-गलौज करते हुए दाना देने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। साथ ही बांस के डंडे, लात और घूसों से पिटाई की।
स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह अपनी जान बचाई और बिलरियागंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। अंकुल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भाजपा नेता अरविंद गुप्ता और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मेयर से कहा, पीडब्ल्यूडी की ढिलाई से पर्यटक समेत राहगीर परेशान
गोदौलिया दशाश्वमेध क्षेत्र में भ्रमण के दौरान मेयर अशोक तिवारी, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से गुरुवार को दशाश्वमेध व्यापार मंडल ने मुलाकात की। इस दौरान उन्हें पीडब्ल्यूडी की ढिलाई से होने वाली परेशानियों से अवगत कराया।
संरक्षक श्रीनारायण खेमका, अशोक कुमार जायसवाल अध्यक्ष सुरेश तुलस्यान महामंत्री दीपक वासवानी ने बताया कि रोपवे निर्माण के दौरान खोदी गई सड़क निर्माण के लिए क्षेत्रीय नागरिकों के आंदोलन के बावजूद अभी तक मार्ग की मरम्मत तक नहीं हो सकी। बारिश में लोगों को बहुत परेशानी हुई। विनय यादव सोमनाथ विश्वकर्मा, मन्नू जेसवानी अन्य ने भी विरोध दर्ज कराया।
सावन में प्रोटोकॉल दर्शन रहेगा पूरी तरह से बंद, नहीं मिलेगा गर्भगृह में प्रवेश
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन में प्रोटोकॉल दर्शन पूरी तरह से बंद रहेगा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण ने बताया कि 11 जुलाई से प्रारंभ हो रहे पवित्र श्रावण मास में गत वर्षों की श्रद्धालु संख्या के दृष्टिगत प्रोटोकॉल दर्शन पर पूर्णतः रोक लगाई गई है।
श्रावण मास में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। सावन सोमवार को केवल 21 यादव बंधुओं को मिलेगा प्रवेश। राजनैतिक, न्यायिक एवं प्रशासनिक स्तर से प्राप्त होने वाले प्रोटोकॉल के संबंध में श्रावण मास में कोई सुविधा नहीं दी जा सकेगी।
डीएलडब्ल्यू रेल मजदूर यूनियन ने किया सम्मान
बरेका के कर्मचारी क्लब के विभिन्न पदों पर हुए चुनाव में विजयी पदाधिकारियों को गुरुवार को डीएलडब्ल्यू रेल मजदूर यूनियन ने सम्मानित किया। सचिव मदन कुमार, कोषाध्यक्ष सरोज कुमार सिंह, कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार, कौशल किशोर चौरसिया, शशि समीर, दिनेश प्रजापति, प्रदीप तिवारी का माल्यार्पण किया गया।
संगठन मंत्री सुशील कुमार सिंह, महामंत्री दीपक कुमार, मदन कुमार व अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव ने कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और संगठित शक्ति को इस जीत का आधार बताया। कार्यक्रम में रतन कुमार, प्रिंस कुमार, चंद्र मोहन भंडारी, धर्मेंद्र कुमार सिंह आदि रहे। संचालन देव नारायण भट्ट ने किया।
आईटीआई करौंदी में कैंपस सलेक्शन कल
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 21 जून को सुबह 9:30 बजे से कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया है। इसमें महाराष्ट्र की एक कंपनी 150 अभ्यर्थियों का चयन करेगी। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि इसमें केवल पुरुषों की वैकेंसी होगी। 18 से 35 आयु के अभ्यर्थी ही शामिल हो सकते हैं।
अभ्यर्थी इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिष्ट, वायरमैन, वेल्डर, मोटर मैकेनिक, मशीनिस्ट ट्रेड का होना चाहिए। इसके साथ ही 10वीं मैट्रिक की अंकतालिका और उत्तीर्णता प्रमाणपत्र, आईटीआई मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, पैन आदि दस्तावेज की मूल व फोटोकॉपी होना जरूरी है।
पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा का परिणाम 23 जून को
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (जेईईसीयूपी) की ओर से हुई पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा के परिणाम 23 जून को जारी किए जा सकते हैं। इस साल जिले के लगभग 48300 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा जिले के 13 केंद्रों पर 5 जून से 13 जून के बीच तीन पालियों में कराई गई थी। जिले में 45 पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। इनमें एक राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर और पिंडरा में राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान है।
इसके अलावा जिले में 43 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक प्रधानाचार्य प्रमोद सिंह ने बताया कि संस्थान में प्रवेश की तैयारी पूरी कर ली गई है। शासन से आदेश मिलते ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। छात्रों को प्रवेश से संबंधित आवश्यक जानकारी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट और सूचना पट्ट के माध्यम से मिल जाएगी।
योग और आयुर्वेद हमारी पौराणिक धरोहर : राज्यमंत्री
राज्यमंत्री डा. दयाशंकर मिश्र दयालु ने लोगों से अपील की है कि वे योग करें और निरोग रहें। कहा कि हमारी पौराणिक धरोहर योग का शाब्दिक अर्थ जोड़ना है। तन-मन-आत्मा को एक करना है। भारत योग में अपने आप को विश्वगुरु मनवा चुका है। हमें खुद को स्वस्थ रखने के लिए रोज कम से कम एक घंटा योगाभ्यास करना चाहिए। इससे पहले उन्होंने गुरुवार की सुबह नमो घाट पर एनडीआरएफ जवानों के साथ योग किया।
जवानों के साथ लगभग 250 से ज्यादा स्थानीय लोगों ने भी योग में हिस्सा लिया। योगाचार्य अभय स्वाभिमानी और योगाचार्य विनोद गुप्ता ने लोगों को योग का महत्व बताया। इस मौके पर गौरव राठी, एनडीआरएफ के अधिकारी अखिलेश तिवारी, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी पंकज, अनिल कुमार शर्मा, प्रतिभा आनंद, जितेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी केंद्र का सोलर पैनल समेत अन्य सामान चोरी
भगवानपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बुधवार की रात सोलर पैनल समेत अन्य सामान चोरी हो गए। आंगनबाड़ी कार्यकत्री नंदिता यादव ने मुकदमा दर्ज कराया। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
विद्यापीठ में बीएफए की 22 को होगी प्रायोगिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में बीएफए पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रायोगिक परीक्षा 22 जून को होगी। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 बजे से मानविकी संकाय भवन में परीक्षा करवाई जाएगी। संबंधित अभ्यर्थी विभाग से विस्तृत जानकारी ले सकते हैं।
वेलनेस योजना के लिए बीएचयू में मंथन
बीएचयू के अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र में योग सत्र के चौथे दिन डिजाइनिंग अ पर्सनल वेलनेस प्लान विषय पर मंथन हुआ। विशेषज्ञों ने कहा कि व्यस्ततम जीवनशैली में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन के लिए एक निजीकृत और स्थायी वेलनेस योजना बेहद जरूरी है। विपश्यना कराने को लेकर जोर दिया गया। इससे आत्मनिरीक्षण और मानसिक शांति प्राप्त होती है।
अग्रसेन कॉलेज में यूजी-पीजी के पाठ्यक्रमों के परीक्षाफल घोषित
श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में स्नातक-स्नातकोत्तर का परीक्षाफल घोषित कर दिया गया है। प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह और परीक्षा नियंत्रक प्रो. दुष्यंत सिंह ने बताया कि 18 जून को सत्र 2024-25 के यूजी और पीजी पाठ्यक्रम एमए, एमएससी, एमकाॅम के समस्त परीक्षाफल घोषित कर दिए गए हैं।
छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट https ://www.shriakpgc.net पर जाकर अपना परीक्षाफल देख सकती हैं। परीक्षाफल समय से घोषित होने पर अध्यक्ष, दीपक अग्रवाल, प्रबंधक डॉ. मधु अग्रवाल, सहायक मंत्री डॉ. रूबी शाह एवं प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने सभी को बधाई दी है।
किसानों को निशुल्क बांटे जाएंगे 25 क्विंटल मोटे अनाजों के बीज
किसानों को इस बार 25 क्विंटल से अधिक मोटे अनाजों के बीज मुफ्त दिए जाएंगे। ब्लाॅक के किसानों को मिनी किट देकर इसकी खेती बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा उनको 50 फीसदी अनुदान पर भी धान और मोटे अनाज के भी बीज दिए जा रहे हैं। इसी सप्ताह और अरहर, तिल, बाजरा, मक्का, सांवा के बीज भी आएंगे।
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि बाजरा, ज्वार, मडुवा, उड़द, मूंग के बीज के मिनी किट का निशुल्क वितरण शुरू हो गया है। इसमें ज्यादा बाजारा, ज्वार और मूंग है। बताया कि हर ब्लाॅक के राजकीय बीज भंडारण केंद्रों से 50 फीसदी अनुदान पर धान की चार प्रजातियों के बीज किसानों को दिए जा रहे हैं। धान, ढैंचा, उरद और मूंग के बीज अनुदान पर दिए जा रहे हैं। धान का करीब सौ क्विंटल बीज बचा है।
17 दिनों में ढाई फीट घटा रिहंद का जलस्तर
रिहंद बांध का जलस्तर मध्यम स्तर पर बने रहने के कारण इस वर्ष भीषण गर्मी में जलविद्युत की इकाइयों से लगातार उत्पादन कराया जा रहा है। इस महीने के 17 दिनों में जलविद्युत की इकाइयों के संचालन से बांध का जलस्तर ढाई फीट कम हो गया।
शुरुआत से प्रदेश में बिजली की मांग 28 हजार मेगावाट के पार चल रही थी। गत सप्ताह से बिजली की मांग बढ़कर 31 हजार मेगावाट के पार चली गई। रिहंद की जलविद्युत की इकाइयों से बिजली काफी सस्ती पड़ती है, इसलिए भीषण गर्मी में इकाइयों से रिकाॅर्ड उत्पादन कराया गया। पिछले वर्ष अच्छी बारिश होने के कारण रिहंद का जलस्तर मध्यमस्तर पर बना हुआ है। इसी कारण रिहंद की जलविद्युत इकाइयों से उत्पादन कराया जा रहा है। मई माह के शुरूआत में रिहंद का जलस्तर 847.5 फीट पर था, जो अब घटकर 844.9 फीट पर आ गया है।
BHU Hospital
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्था पर आयुष मंत्री को सौंपा ज्ञापन
बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए गुरुवार को छात्रनेताओं ने आयुषमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर से बाउंसरों की नियुक्ति, चिकित्सा उपकरणों की खरीदारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की।
आयुषमंत्री को दिए ज्ञापन में नेताओं ने बताया कि अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में सुरक्षा के नाम पर बाउंसरों की तैनाती की गई हैं, वो गलत है। बाउंसरों की ओर से मरीजों, तीमारदारों से दुर्व्यवहार किया जाता है। ट्रॉमा सेंटर और अस्पताल में जेम पोर्टल से खरीदारी में भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। छात्रनेताओं ने बताया कि आयुष मंत्री ने मांग को प्रधानमंत्री और शिक्षामंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान मृत्युंजय तिवारी आजाद, अभिषेक कुमार सिंह, श्रीराम द्विवेदी, अभिषेक द्विवेदी, अजय तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।
काशी समग्र शिक्षा प्रयास का शुभारंभ
जिले के सरकारी स्कूलों की शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए काशी समग्र शिक्षा प्रयास का शुभारंभ किया गया। बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में अक्षर फाउंडेशन के साथ समझौता हुआ। इसके तहत संस्था 10 चयनित सरकारी स्कूलों में शिक्षकों को बाल-मित्र और रचनात्मक शिक्षण तरीकों को अपनाने में सहायता करेगी।
साथ ही प्राथमिक कक्षाओं में बुनियादी पढ़ाई को मजबूत करना, सहपाठी शिक्षण को बढ़ावा देना शामिल है। इस योजना को शुरुआत में 10 चयनित सरकारी स्कूलों में लागू किया जाएगा। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रशासन के नोडल अधिकारी और सीडीओ हिमांशु नागपाल और अक्षर फाउंडेशन की संस्थापक व कार्यकारी निदेशक डॉ. अलका शर्मा उपस्थित रहे।
काशी विद्यापीठ में बीएसए का स्वागत
मिशन शिक्षण संवाद टीम ने गुरुवार को काशी विद्यापीठ में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह का स्वागत किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मिशन शिक्षण संवाद टीम के बारे में बताया कि वाराणसी में यह टीम बहुत अच्छा कार्य कर रही है। दिसंबर 2021 में मिशन शिक्षण संवाद की राज्यस्तरीय कार्यशाला में वे चंदौली के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद पर रहते हुए प्रतिभाग कर चुके हैं। इस दौरान रविन्द्र सिंह, सरिता राय, अमृता सिंह, जमाल अहमद खान, मनोज सिंह एवं अन्य मौजूद रहे।
आईटीआई में 22 जून तक कर सकते हैं आवेदन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 22 जून तक आवेदन किए जा सकते हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in से आवेदन कर सकते हैं। आवेदनकर्ता का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 8वीं या 10वीं पास होना जरूरी है। उसकी उम्र 14 साल से कम नहीं होनी चाहिए।
आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपने मोबाइल नंबर का ओटीपी सत्यापन करना अनिवार्य है। सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये है। वहीं एससी और एसटी वर्ग के लिए 150 रुपये निर्धारित की गई है।
जिले के चार राजकीय और 104 निजी आईटीआई के लगभग दस हजार सीटों पर प्रवेश होगा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के बाद अभ्यर्थी अपने फॉर्म का प्रिंटआउट ले सकेंगे। अभ्यर्थी किसी भी तरह की परेशानी होने पर संस्थान से संपर्क कर सकते हैं। 22 जून के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
नीट में चयन पर दीपिका का रोहनिया विधायक ने किया सम्मान
आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के कनेरी गांव के किसान भारत भूषण की बेटी दीपिका भूषण ने नीट यूजी एमबीबीएस की परीक्षा पास की। इस पर बृहस्पतिवार को उनके आवास पर पहुंचकर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने पिता और बेटी को मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। विधायक ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। रोहनिया विधायक ने कहा कि दीपिका पटेल ने परिवार के साथ साथ गांव व क्षेत्र का भी नाम रोशन किया है। इस दौरान ग्राम प्रधान संजीव कुमार, मानस सिंह, राजकुमार वर्मा, श्यामोली पटेल, विनोद कुमार पटेल मौजूद रहे।
स्वीमिंग पूल में तैराकों ने किया अभ्यास
प्रादेशिक प्रतियोगिता के चयनित खिलाड़ियों ने गुरुवार को सिगरा स्टेडियम और बीएचयू के स्वीमिंग पूल में अभ्यास किया। 39वीं सब जूनियर और 54वीं जूनियर बालक-बालिका तैराकी प्रतियोगिता लखनऊ में 28 से 30 जून तक खेली जाएगी। इसमें वाराणसी की 30 सदस्यीय टीम खेलेगी।
बनारस डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल स्वीमिंग एसोसिएशन के सचिव शंभु प्रसाद ने बताया कि दस दिवसीय शिविर सिगरा स्टेडियम में लगा है। यहां अभ्यास करने के साथ ही खिलाड़ी अलग-अलग स्वीमिंग पूल में अतिरिक्त समय में अभ्यास कर रहे हैं। बताया कि बालक वर्ग में 19 और बालिका वर्ग में 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
बालिका वर्ग में अनुष्का केसरी, गार्गी सरदार, गायत्री वहीं बालक वर्ग में आदित्य साहनी, गौरव सेना गुप्ता, सत्यम साहनी, अनुकल्प जायसवाल, सत्यम साहनी, सूर्यांश सिंह, अक्षय उपाध्याय शामिल हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 27 जून को लखनऊ रवाना होंगे।
धमेख स्तूप के सामने सीआरपीएफ जवानों ने किया योगाभ्यास
11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के पांचवें दिन सीआरपीएफ जवानों ने धमेख स्तूप के सामने योगाभ्यास किया। एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य थीम को केंद्र में रखकर 95वीं वाहिनी के सीआरपीएफ के 150 से अधिक जवानों ने योग के जरिए आम जनता को भी स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
गुरुवार को कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य मनीष कुमार पांडेय तथा शिखा शर्मा ने लोगों को भ्रामरी, अनुलोम-विलोम का फायदा बताया। कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने योगाचार्य मनीष कुमार पांडेय, शिखा शर्मा तथा सुनील सिंह को सम्मानित किया। उन्होंने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग योग करें। इस दौरान अर्चना बालापुरकर, सुनीता देवी, राजेश कुमार सिंह, आलोक कुमार, प्रदीप सिंह शेखावत मौजूद रहे।
योग संगम में भाग लेंगे सभी रेलकर्मी, योग के महत्व को दर्शाया
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बृहस्पतिवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रेम चंद सभागार एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग विषयक पर योग जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। 21 जून को होने वाले योग संगम एक सामूहिक योग कार्यक्रम की तैयारी को लेकर चर्चा की गई।
योग प्रशिक्षक छांगुर यादव ने दैनिक जीवन में उपयोगी योग व प्राणायाम के महत्व पर जानकारी और सरल योग क्रियाओं के माध्यम से शरीर को स्वस्थ्य रखने की कला का प्रदर्शन किया। मंडल कार्मिक अधिकारी (इंचार्ज) अभिनव कुमार सिंह ने इस वर्ष की योग थीम पर प्रकाश डाला। पोस्टर प्रतियोगिता, योग क्विज व वीडियो चैलेंज जैसी गतिविधियों में सभी रेलकर्मियों व उनके परिवारजनों से भागीदारी का आग्रह किया।
योग संगम में सभी विभागों के रेलकर्मी व उनके परिजन भाग लेंगे। सेमिनार में सहायक कार्मिक अधिकारी वीरेंद्र यादव, दयाशंकर प्रसाद, युगेश कुमार मल्ल, सत्यप्रकाश, राजीव, संजय कुमार, संतोष राय, धर्मेन्द्र राय, अनिता पांडेय आदि रहीं।
मेरे मन में बसो राम...
सुबह ए बनारस में युवा कलाकार अनिरुद्ध नाथ का गायन हुआ। गायन का आरंभ राग वैरागी मे विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश मेरे मन में बसो राम...से हुआ। इसके उपरांत द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश सुर-सुर से साध ले...से आनंदित किया। समापन भजन जय दुर्गे दुर्गतिपरिहारिणी... हुआ। तबला संगति गौरव चक्रवर्ती और संवादिनी पर वर्णजीत पॉल ने किया। कलाकार को प्रमाणपत्र समाजसेवी अजय पांडेय ने दिया। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।
अभियानों में कार्यकर्ताओं की तय होगी पूरी भागीदारी व जिम्मेदारी
भाजपा के अभियान को लेकर भाजपा काशी क्षेत्र की वर्चुअल बैठक हुई। बताया गया कि 21 जून को विश्व योग दिवस पर मंडल स्तर पर योग कार्यक्रम होंगे। 23 जून को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस जिला स्तर पर संगोष्ठियों के माध्यम से मनाया जाएगा। 25 जून को आपातकाल दिवस के रूप में स्वतंत्रता सेनानियों और जेल गए कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह होगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर पार्टी की ओर से 9 जून से देशव्यापी कार्यक्रम होंगे। अभियानों की सफलता इस बात पर निर्भर करती है। इनकी समय से योजना बनाई जाए और प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। कहा कि प्रत्येक अभियान की जिम्मेदारी और मॉनिटरिंग की स्पष्ट व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि सहभागिता और पारदर्शिता बनी रहे।
रामचंद्र गुप्ता चुने गए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ शाखा वाराणसी के जिला अध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। अखिल भारतीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर के. गणेशन की ओर से 25 जून को चेन्नई में होने वाले अधिवेशन में रामचंद्र गुप्ता को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी ने निर्णय का स्वागत करते हुए बनारस के लिए बहुत ही गर्व की बात कही है।
थाने में चौपाल लगाकर करेंगे जागरूक
यातायात सभागार में गुरुवार को अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश सिंह और अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में थानों की महिला बीट प्रभारी और कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य अपने-अपने थाना क्षेत्रों में जनचौपाल लगाकर बालिकाओं, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए जागरूक व प्रोत्साहित करना था।
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश सिंह ने साइबर फ्रॉड/ क्राइम से बचाव के लिए बच्चों को सोशल मीडिया के सही उपयोग और साइबर संबंधित अपराधों व उनसे बचाव के तरीकों के बारे में बताया। निर्देशित किया कि साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in या नजदीकी थाने के साइबर हेल्प डेस्क या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
महिला बीट कर्मियों को सप्ताह में 5 दिन भ्रमणशील रहकर जागरूक करने का निर्देश दिया। अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रिता श्रीवास्तव ने आत्मरक्षा और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वुमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और डायल 112 के बारे में बताया। गुड टच-बैड टच, राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम 1961, मेटरनिटी लाभ अधिनियम 1861 की जानकारी दी।
भाजपा के पूर्व सभासद ने कूड़ा गाड़ी के सामने लेटकर किया विरोध
वार्ड नंबर 65 पुराना रामनगर-सामने घाट पुल के नीचे नगर निगम की ओर से अधिकांश क्षेत्रों का कूड़ा डंप करने से नाराज भाजपा के पूर्व सभासद संतोष शर्मा ने लेटकर विरोध किया। कूड़ा गाड़ी के सामने लेटकर उन्होंने कहा कि बार-बार अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कूड़ा डंपिंग का कार्य बंद नहीं हुआ।
कूड़ा डंपिंग का कार्य रिहायशी इलाकों में महीनों से चल रहा है। कूड़ा डंप होने से दुर्गंध के कारण निवासियों का रहना दुश्वार हो गया है। कूड़ा डंपिंग क्षेत्र से चंद दूरी पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा ,पैतृक आवास और काशी नरेश का दुर्ग भी है। पुल से हजारों राहगीर आते -जाते हैं। देसी-विदेशी पर्यटकों का भी आना-जाना लगा रहता है।
इसी रास्ते से बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान करने और रामनगर बलुआ घाट के मंदिरों में शादी विवाह के लिए आते हैं। कुछ माह बाद रामनगर का विश्व प्रसिद्ध रामलीला भी शुरू होने वाला है। पूर्व सभासद ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर कूड़ा डंपिंग का कार्य नहीं रुका तो नागरिकों के साथ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
बीएचयू की विनीता ने दक्षिण कोरिया में पढ़ा शोधपत्र
बीएचयू की पीएचडी छात्रा विनीता सिंह ने दक्षिण कोरिया में अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय राजधानी सियोल में बीएचयू के राजनीति विज्ञान विभाग की शोधार्थी विनीता सिंह ने अपना शोधपत्र कोरियन एसोसिएशन फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्तुत किया।
विनीता सिंह बीएचयू में डॉ. अभिनव शर्मा के नेतृत्व में पीएचडी कर रहीं हैं। यह सम्मेलन 18 जून से 21 तक आयोजित हुआ। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन का आयोजन सियोल नेशनल यूनिवर्सिटी के ग्रेजुएट स्कूल ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन तथा केडीआई स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट के संयुक्त सहयोग से किया गया।
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी 23 जून को आएंगे वाराणसी
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय शिक्षा राज्य व कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी 23 जून को वाराणसी आएंगे। जिला और प्रदेश पदाधिकारियों ने गुरुवार को बैठक कर तैयारियों की चर्चा की और कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। रालोद के जिलाध्यक्ष हृदयानंद यादव ने बताया कि पूर्वांचल कार्यकर्ता सम्मेलन 23 जून को लंका स्थित रामनाथ चौधरी लाॅन में होगा। पार्टी के प्रदेश सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री बनने के बाद जयंत चौधरी का यह पहला वाराणसी दौरा है। जिसमें पूरे पूर्वांचल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पैरा टेनिस खिलाड़ी को मिली स्कॉलरशिप
भारत पेट्रोलियम ने पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रियांशी केशरी को स्कॉलरशिप प्रदान की है। उन्होंने बताया कि स्कॉलरशिप से खेल में सुधार होगा। वह और भी बेहतर तकनीकों का प्रयोग अपने खेल को सुधारने में करेगी। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में प्रियांशी केसरी ने जॉर्डन की राजधानी अम्मान में आयोजित प्रतियोगिता में पदक जीता था।
वह पैरा टेनिस में देश की टॉप रैंकिंग खिलाड़ी हैं। इस वर्ष उन्होंने अप्रैल माह तक 11 दिन में पांच राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खेली और पांच पदक जीतने में कामयाब रहीं। प्रियांशी केसरी रोज तीन घंटे अभ्यास करती हैं। वह टेबल के दो फीट दूर से ही स्मैश करने के अलावा सर्विस में भी कमाल करती हैं।
विधायक ने किया इंटरलॉकिंग कार्य का शिलान्यास
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पुराना रामनगर वार्ड में 15.40 लाख की लागत से बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण परियोजना का बृहस्पतिवार को शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के अंतर्गत मां मनसा देवी मंदिर से लेडी सिंह के आवास तक 144.20 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण किया जाएगा। विधायक ने शिलान्यास का पूजन वरिष्ठ नागरिक पन्नालाल यादव एवं जवाहिर यादव से संपन्न कराया।
पूर्व सभासद रितेश पाल गौतम की मौजूदगी में मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह एवं नंदलाल चौहान ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विधायक ने इस मौके पर उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह, डॉ. अनुपम गुप्ता, संतोष द्विवेदी, जितेंद्र पांडेय, पार्षद लल्लन सोनकर आदि उपस्थित रहे।
आज कुश्ती के मैट पर उतरेंगे काशी के खिलाड़ी
अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती महाराष्ट्र के नागपुर में 20 से 22 जून तक आयोजित है। इस प्रतियाेगिता में के लिए घोषित यूपी टीम में तीन खिलाड़ी वाराणसी के हैं। तीनों खिलाड़ी फ्री स्टाइल वर्ग में खेलेंगे। इसके बालिका वर्ग में रिया यादव जबकि पुरुष वर्ग फ्री स्टाइल में चिरईगांव ब्लॉक के कमौली निवासी अंशु और चौबेपुर के शिवम शुक्रवार को खेलेंगे।
राष्ट्रीय मुकाबले में हारे सभी मुक्केबाज
हरियाणा के रोहतक में आयाेजित राष्ट्रीय मुक्केबाजी में पहुंची यूपी टीम में शामिल वाराणसी के सभी खिलाड़ी पहले दौर में बाहर हो गए। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की तीन और साई सेंटर बीएचयू की तीन बालिकाएं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने रिंग में उतरीं, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। यह प्रतियोगिता 19 से 25 जून तक रोहतक में आयोजित थी। सभी खिलाड़ी झांसी के मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 3 से 6 जून तक आयोजित छठवीं जूनियर बालिका प्रदेशिक मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीत राष्ट्रीय में खेलने पहुंची थी।
राज्य पुरस्कार के लिए 10 अगस्त तक करें आवेदन
विश्व दिव्यांग दिवस पर तीन दिसम्बर को दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इसके लिए ऐसे व्यक्तियों व संस्थाओं से आवेदन मांगा है। जिला दिव्यांग सशक्तीकरण अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए 12 श्रेणियों में आवेदन किए जाएंगे। इसमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, सृजनशील दिव्यांग व खिलाड़ी आदि शामिल हैं। आवेदन पत्र https://uphwd.gov.in से डाउनलोड कर विकास भवन में स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा।
स्टेकिंग में दक्ष सैनी और नित्या ने बाजी मारी
अस्सी घाट पर गुरुवार सुबह रिदमिक स्केटिंग योगासन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने योगाभ्यास किया। स्केटिंग कोच एके अंसारी ने बताया कि इसमें 27 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रिदमिक योगा में दक्ष सैनी और बालिका वर्ग में नित्या ने बाजी मारी। इस मौके पर हृदयांश रंजन, आयु श्रीवास्तव, नील देववंशी, शिवेश मोदी आदि ने हिस्सा लिया।
राहुल गांधी के जन्मदिवस पर लगा निशुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप
नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस पर जिला युवा कांग्रेस की ओर से छित्तूपुर स्थित सिद्धार्थ कुंज में निशुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप लगाया गया। स्थानीय नागरिकों ने चिकित्सा सेवा का लाभ उठाया। अनुभवी डॉक्टरों ने नेत्र परीक्षण के साथ-साथ निशुल्क चश्मा और आवश्यक दवाओं का वितरण किया।
अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा कि राहुल गांधी न केवल एक राजनेता हैं, बल्कि वे देश के शोषित, पीड़ित, वंचित और हाशिये पर खड़े लोगों की सशक्त आवाज हैं। कार्यक्रम संयोजक प्रदेश सचिव सिद्धार्थ केशरी रहे। मुख्य अतिथि जिला प्रभारी माधव कृष्णा रहे। युवा कांग्रेसजनों ने राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु की मंगलकामना की। इस दौरान प्रदेश महासचिव मयंक चौबे, चंचल शर्मा, सिद्धार्थ केशरी, अरुणेश सिंह अन्नू, अर्शिया खान, धीरज सोनकर, रोहित दुबे उपस्थित रहे।
सरकार पूर्वाचल राज्य का जल्द करे गठन- राजेश आजाद
वाराणसी जन समस्या संघर्ष मंच के संयोजक तथा बहुजन समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद की अध्यक्षता में गुरुवार को अस्सी मोहल्ले में पूर्वाचल राज्य आंदोलन को लेकर बैठक हुई। बैठक में पूर्वाचल राज्य आंदोलन के बारे में चर्चा की गई। राजेश आजाद ने कहा है कि अलग पूर्वाचल राज्य गठन के समग्र विकास का एकमात्र लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक विकल्प है।
शीघ्र से शीघ्र सरकार से पूर्वाचल राज्य का गठन कराने की सकारात्मक कार्यवाही के साथ ही साथ सार्वजनिक मंशा जनता के बीच स्पष्ट करने की पुरजोर मांग उठाई है। बैठक में अंजना श्रीवास्तव, डॉ. रश्मि अग्रवाल, नरेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, कृपाशंकर श्रीवास्तव, रामकृष्ण दूबे मौजूद रहे।
स्वच्छता महा अभियान के तहत शहर भर में चला जागरूकता अभियान
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर स्वच्छता महाअभियान के तहत लोगों को जागरूक करने का अभियान गुरुवार को जारी रहा। नगर निगम की डाक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह और आईसीसी एक्सपर्ट सरिता तिवारी की देखरेख में आशापुर चौराहा, बसही फल मंडी, नई सड़क, घुरहुपुर, केदार घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, बीएचयू गेट, शिवाला, भगवानपुर, कृतिवाश्वेसर आदि क्षेत्रों में अभियान चला।
दोनों अभियानों में दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने, दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान और विकल्पों के बारे में बताया गया। प्रतिबन्धित प्लास्टिक से बने थैले का प्रयोग न करके कपड़े, जूट या कागज से बने थैले का प्रयोग करें। घरों में जाकर अलग-अलग डस्टबिन में कचरे को रखने के लिए जागरूक किया गया।
उनको बताया गया कि गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी कचरा, हानिकारक कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखें। नगर निगम की गाड़ी आने पर उसमें डालें, सड़कों पर कचरा न फेकें, बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से गन्दगी और बीमारी फैलती तथा मच्छर पैदा होते हैं। साथ ही इन भवन स्वामियों को कूड़े से खाद बनाये जाने की विधि से जागरूक किया गया।
बिजली कर्मचारियों ने नहीं किया काम, दोपहर बाद कार्यालय में दिखा सन्नाटा
बिजली निगम के निजीकरण के विरोध के बीच होने वाले स्थानांतरण को लेकर कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। दोपहर में कर्मचारियों ने कार्यालय में कामकाज छोड़कर भिखारीपुर एमडी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शहर के अधिकांश उपकेंद्रों पर कुर्सियां खाली रहीं। एमडी कार्यालय में जाने से कर्मचारियों को सुरक्षाकर्मियों ने रोका तो वह नारेबाजी करने लगे।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर आंदोलन में अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता कार्यालयों सहित अन्य उपकेंद्रों पर कर्मचारियों ने भागीदारी की। एक स्वर से कर्मचारियों ने स्थानांतरण के आदेश को शासन की नीति का उल्लंघन बताया। सभा में मायाशंकर तिवारी, अंकुर पांडेय ने कहा कि 2 महीने पहले प्रबंध निदेशक को पांच सूत्रीय मांग पत्र दिया, लेकिन समाधान करना तो दूर उन्होंने बातचीत भी नहीं की।
आंदोलन के क्रम में बिजली आपूर्ति संबंधी इमरजेंसी व्यवस्था में पूरा सहयोग किया जाएगा। चेतावनी दी कि यदि प्रबंध निदेशक ने मांगें नहीं मानीं तो वाराणसी के साथ ही आसपास के जिलों के बिजली कर्मचारियों को भी बुलाया जाएगा। इस दौरान एसके सिंह, विजय सिंह, सियाराम यादव, विजय सिंह, वेदप्रकाश राय, मदन श्रीवास्तव मौजूद रहे।
मंत्री विपुल गोयल ने वाराणसी स्थित हरित कोयला प्लांट का दौरा किया
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने वाराणसी स्थित एनटीपीसी के हरित कोयला प्लांट का दौरा किया। उन्होंने वाराणसी के ग्रीन कोल प्लांट की तकनीकी दक्षता, संचालन प्रक्रिया और पर्यावरणीय प्रभाव का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस दौरान टीम ने ये समझा कि किस प्रकार बिना किसी पर्यावरणीय क्षति के ठोस कचरे से कोयले का उत्पादन संभव है।
बता दें कि गुरुग्राम और फरीदाबाद में हरित कोयला संयंत्रों की स्थापना के लिए एनटीपीसी के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में 20 जुलाई 2024 को हस्ताक्षर हुए थे। अब इस दौरे से इस परियोजना की क्रियान्वयन प्रक्रिया को गति मिलेगी।
मंत्री विपुल गोयल के साथ शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता, धीरेंद्र आयुक्त फरीदाबाद म्युनिसिपल कारपोरेशन, संयुक्त सचिव कंवर सिंह तथा ओएसडी सौरभ ढल सहित अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम मौजूद रही।
कोलकाता की अनामिका के गायन से सजा नमो घाट
जिला काशी विरासत संरक्षण समिति की ओर से आयोजित काशी वंदन सांस्कृतिक कार्यक्रम में नमो घाट पर कोलकाता से पधारी अनामिका दत्त का गायन हुआ। उन्होंने सर्वप्रथम उन्होंने राग श्याम कल्याण में विलंबित ताल में सावन की सांझ...से शुरूआत की। तत्पश्चात झपताल में श्याम छवि मन मोह लियो... तथा नींद ना आवे पिया बिन देखे....की प्रस्तुति दी।
इसके बाद भजन हरी मेरे जीवन प्राण आधार एवं रे निर्मोही छवि दरशाये.... गाकर कार्यक्रम को समाप्त किया। तबले पर शुभ व्रत चटर्जी एवं हारमोनियम पर बरनाडीप पॉल ने संगत की। उप शिक्षा निदेशक अवध किशोर सिंह एवं किरण सिंह ने कलाकारों का सम्मान किया। धन्यवाद ज्ञापन अंशुमान महाराज ने किया।
केंद्रीय कारागार में 17 बंदियों ने दी इग्नू की परीक्षा
शिवपुर के केंद्रीय कारागार में गुरुवार से इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) की सत्रांत परीक्षा-2025 शुरू हो गई। 18 जुलाई तक चलने वाली परीक्षा के पहले दिन 17 बंदी अलग-अलग विषयों की परीक्षा में शामिल हुए। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने बताया कि परीक्षा में कुल 68 बंदियों ने विभिन्न कोर्सों में दाखिला लिया है।
100 किसान जाने सब्जी की नर्सरी से आर्थिक उन्नति
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान ने सीखड़ स्थित नवचेतना फाउण्डेसन में अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत प्रशिक्षण हुआ। अनुसूचित जाति के किसानों, महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूह के 100 किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने पर जोर दिया गया। मिर्च की उन्नत नर्सरी उत्पादन तकनीक, करके सीखने की प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षण दिया गया। किसानों को काशी रत्ना मिर्च के बीज, पोर्ट ट्रे, कोकोपिट, और वर्मीकुलाइट जैसी आवश्यक सामग्रियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
वैज्ञानिक डॉ. सुदर्शन मौर्या, डॉ. डीपी सिंह एवं डॉ. आत्मानंद त्रिपाठी ने कैसे यह कार्यक्रम तकनीक नर्सरी उत्पादन में गुणवत्ता सुधार और रोग प्रतिरोधकता बढ़ाने में सहायक है के बारे में बताया। एकीकृत रोग और कीट प्रबंधन के बारे में भी जानकारी दी। किसानों ने स्वयं बीज उपचार की प्रक्रिया सीखी और प्रो-ट्रे में बीज की बुवाई तरीके जाने।
संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि किसान संस्थान के विकसित उन्नत सब्जी किस्मों को अपनाकर व्यापारिक स्तर पर खेती करें। संचालन डॉ. इंदीवर प्रसाद ने किया। इस मौके पर फाउंडेशन के डॉ. मुकेश त्रिपाठी, रामकृष्ण, रामचन्द्र मौली, लवकुश सत्नामी, इन्द्रेश तिवारी आदि रहे।
सेल्स टैक्स एसोसिएशन ने दी एडिशनल कमिश्नर को विदाई
सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन चेतगंज के बार कक्ष में एडिशनल कमिश्नर अपील सुशील कुमार सिंह के स्थानांतरण पर बृहस्पतिवार को विदाई समारोह हुआ। मेरठ स्थानांतरण पर उन्हें बधाई दी। समारोह में अध्यक्ष दिलीप कुमार श्रीवास्तव, शरद त्रिपाठी, अशोक कुमार सिंह, नागेश्वर सिंह, महादेव अशोक वर्मा, काली शंकर श्रीवास्तव, प्रमोद राम त्रिपाठी आदि ने सुशील कुमार सिंह के न्यायिक कार्य कुशलता के साथ-साथ उनके कार्य प्रणाली, व्यवहार कुशलता की सराहना की है। संचालन पूर्व सचिव अमित कुमार राय व धन्यवाद ज्ञापन सचिव चंद्रेश कुमार सिंह ने दिया।
फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए जिलाधिकारी से की मांग
सेवापुरी ब्लॉक के चित्रसेनपुर किसान सब्जी मंडी के सामने नेशनल हाईवे पर फुट ओवर ब्रिज बनाए जाने की मांग को लेकर अपना दल एस के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल के नेतृत्व में सब्जी मंडी समिति के सदस्य एवं ग्रामीण बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी से मिले। उन्होंने डीएम को मांग पत्र सौंपा और समस्याओं से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सब्जी मंडी में आने-जाने के लिए 500 मीटर अंडरपास से होकर गुजरना पड़ता हैं। सड़क पार करते समय रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल के अलावा वंश नारायण पटेल, ग्राम प्रधान राजकुमारी पटेल, मोहन गुप्ता, रूपनारायण पटेल आदि शामिल रहे।
केंद्रीय मंत्री से दिल्ली में अल्पसंख्यकों के विकास की मांग
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र की मंत्री हुमा बानो ने दिल्ली में केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री किरण रिजिजू से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से वाराणसी में अस्थाई हज हाउस बनाए जाने, मदरसे में पढ़ने वाले बच्चों एवं पढ़ाने वाले शिक्षकों (आधुनिक) के हितों के विकास की मांग की। उनकी मांगों पर ध्यान देने व विचार करने पर आश्वासन दिया।
भुजंगासन ताड़ासन व प्राणायाम का किया अभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मारवाड़ी महिला संगठन की ओर से योग युक्ति रोग मुक्ति एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य की संकल्पना कि तहत लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में चल रहे योग शिविर में गुरुवार को भी योग के आसनों का अभ्यास करवाया गया। चेतन योग सेवा संस्थान के प्रबंधक योग गुरु आशीष टंडन के शिष्य श्रेयांश बाजपेई, अनुपम अवस्थी व अनु साहनी ने ताड़ासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, सूर्य नमस्कार, नौकासन, मरकटासन, भुजंगासन, प्राणायाम आदि आसनों का अभ्यास करवाया।
रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए 25 जून तक आवेदन
बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिले के 26 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को लेकर जरूरी अनुमोदन और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से प्रशिक्षकों के चयन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसकी अंतिम तिथि 25 जून निर्धारित की गई है।
सभी 26 विद्यालयों में यह प्रशिक्षण तीन माह तक चलेगा, जिसमें प्रत्येक कार्य दिवस पर छात्राओं को 40 मिनट का आत्मरक्षा के गुण सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण देने के लिए उन्हीं अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा जिनके पास मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट हो या जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर की किसी खेल प्रतियोगिता में भाग लिया हो। चयनित प्रशिक्षकों को 5 हजार प्रतिमाह के हिसाब से तीन माह में 15 हजार मानदेय प्रदान किया जाएगा।
छात्रवृत्ति के लिए 2 जुलाई से करें आवेदन
प्रदेश सरकार ने नए सत्र की छात्रवृत्ति के कार्यक्रमों की घोषणा कर दी। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद्र दूबे ने बताया कि दो जुलाई से 30 अक्तूबर तक कक्षा नौ, 10 व 11 और 12 के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। जबकि उच्च कक्षाओं के विद्यार्थी 10 जुलाई से 20 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। हालांकि अनुसूचित जाति/जनजाति के विद्यार्थी 10 जुलाई से अगले साल 31 मार्च तक आवेदन करने का मौका मिलेगा।
20 जुलाई से हिंडन के लिए सीधी उड़ान होगी शुरू
हिंडन एयरपोर्ट के बीच इंडिगो की सीधी उड़ान 20 जुलाई से एक बार फिर शुरू होगी। दिल्ली एनसीआर आवाजाही करने वाले व्यापारियों, छात्रों और श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत होगी।
वाणिज्य कर्मियों से विजिलेंस ने की पूछताछ, एटीवीएम होगी सील
कैंट रेलवे स्टेशन पर एटीवीएम से फर्जी जनरल टिकट की जांच में गुरुवार को विजिलेंस ने वाणिज्य विभाग के कर्मियों से पूछताछ की। रेलवे सुरक्षा तंत्रों को इस खेल में गिरोह के शामिल होने की आशंका है। विजिलेंस ने जबलपुर, छिवकी से फर्जी जनरल टिकट भी मंगवाए। फिलहाल विभिन्न पहलुओं पर टीमें जांच कर रही हैं। एसीएम स्तर की जांच के दौरान तय हुआ कि संबंधित एटीवीएम को दो दिन में सील कर दिया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी बृजेश श्रीवास्तव को जेल भेजा गया। एटीवीएम फैसिलेटर व पूर्व रेलकर्मी को भी जीआरपी ने हिरासत में लिया। उसे इसी शर्त पर छोड़ा गया कि बुलाने पर थाने आना होगा। सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने इसकी जांच एसीएम को सौंपी है। एसीएम और विजिलेंस की जांच रिपोर्ट के बाद आगे और सख्त एक्शन लिया जाएगा।
घायल को ले जाते एंबुलेंस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
एंबुलेंस में घायल की बिगड़ी तबीयत, इंजेक्शन देकर बचाई जान
सारनाथ में सड़क दुर्घटना में घायल सारनाथ निवासी आशीष कुमार को एंबुलेंस से पहले जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। रास्ते में आशीष की तबीयत बिगड़ी तो इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन अरुण सिंह ने ईआरसीपी डॉ. सुरेंद्र की मदद से मरीज को तुंरत इंजेक्शन लगाया। फिर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में सुरक्षित भर्ती करवाया। फिलहाल मरीज की हालत सुधर रही है। 108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि चालक और ईएमटी को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाता है।