कोरोना मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। वर्तमान समय में 17757 कोरोना मरीज संक्रमित हो चुके हैं, जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या भी 709 है। इस बीच शासन के निर्देशानुसार कोविड-19 टीकाकरण की तैयारी शुरू हो गई है।
पिछले दिनों शासन ने समय से टीका लगाने संबंधी सभी तैयारियां पूरी करने को कहा था। इसको देखते हुए जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौकाघाट और सीएमओ आफिस परिसर स्थित जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय के पास बनी नई बिल्डिंग का चयन कोविड वैक्सीन रखे जाने के लिए किया गया है।
सीएमओ के देखरेख में अब यहां कोल्ड चेन बनाने संबंधी सभी तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। कोविड वैक्सीन आने पर कोल्ड चेन मेंटेन रखना पड़ेगा। इसके लिए सीएचसी चौकाघाट, मलेरिया विभाग के पास की बिल्डिंग में वैक्सीन रखने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा यहां डॉक्टरों, कर्मचारियों को मानीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। - डॉ. वीबी सिंह, सीएमओ
तीन चरणों में होगा टीकाकरण
कोविड 19 का टीका आने के बाद तीन चरणों में टीकाकरण की योजना बनाई गई है। शासन ने पहले चरण में चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, दूसरे चरण में 60 साल से अधिक उम्र के लोग, पहले से बीमार और अंतिम चरण में सामान्य लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
शासन को भेजी जा चुकी है सूची
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शासन को डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ की सूची भेजी जा चुकी है। इसमें सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज आदि से करीब चार हजार जबकि निजी अस्पताल, निजी मेडिकल कॉलेज सहित अन्य चिकित्सकीय संस्थानों से जुड़े लोगों की संख्या भी करीब तीन हजार से अधिक है। टीका आने के बाद उसे समय से लगाया जा सके और किसी को कोई परेशानी न हो।