एमएसएमई मंत्री राकेश सचान के साथ लघु उद्योग भारती संघटन के उद्यमियों की बैठक शनिवार को सर्किट हाउस में हुई। इसमें उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर मंथन किया गया। उद्यमियों ने मांग किया कि वर्षों से निरस्त औद्योगिक भूखंडों का जल्द आवंटन किया जाए। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया कि उद्योग बंधु की अगली बैठक में आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाए।
लघु उद्योग भारती के काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 1971 में औद्योगिक प्लॉट लेकर उद्योग नहीं लगाने के कारण वर्ष 2006 में निरस्त प्लाट को उच्च न्यायालय में स्टे होने के बावजूद नियम विरुद्ध तरीके से पुन: बहाली करके गलत जानकारी दी गई। इस निरस्त प्लाट को नए उद्यमियों को आवंटित करने पर सरकार को 20 से 25 करोड़ का राजस्व प्राप्त होगा। एमएसएमई मंत्री को ज्ञापन सौंपा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। बैठक में सर्वेश श्रीवास्तव, ज्योति शंकर मिश्रा, सनी विश्वकर्मा, मनीष पांडेय, शैलेंद्र सिंह, राकेश राय, दिनेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।