महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक की बैक और श्रेणी सुधार की परीक्षाएं मंगलवार से कोविड प्रोटोकॉल के साथ शुरू हो गईं। थर्मल स्क्रीनिंग, मास्क की जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। पहले दिन छात्रों की संख्या कम रही। दो पालियों में 29 जनवरी तक होने वाली परीक्षा के लिए वाराणसी समेत पांच जिलों में दस परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। मंगलवार को 10 से 11.30 बजे और दोपहर में 2 से 3.30 बजे तक कैंपस के साथ ही जगतपुर पीजी कॉलेज, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में परीक्षा कराई गई। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि वाराणसी में तीन, भदोही में एक, चंदौली, मीरजापुर व सोनभद्र में दो-दो केंद्र बनाए गए हैं। बलिया के परीक्षार्थियों की परीक्षा हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में कराई गई। पहले दिन की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से हुई।
22 जनवरी की बैक पेपर की तिथि बदली
विद्यापीठ में चल रही बैक पेपर की परीक्षा में 22 जनवरी की दूसरी पाली में होने वाली बीए, बीएससी तृतीय खंड भूगोल की बैक पेपर, अंकसुधार, श्रेणी सुधार परीक्षा की तिथि में परिवर्तन किया गया है। अब यह परीक्षा 29 जनवरी को द्वितीय पाली में 2 से 3.30 बजे तक होगी। इसके अलावा शेष परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी।
काशी विद्यापीठ में 29 को होगी बैठक
विद्यापीठ में मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विषय की शोध समिति की बैठक 29 जनवरी को सुबह 11 बजे से होगी। इतिहास विभाग के प्रो. परमानंद सिंह ने बताया कि विभागीय पुस्तकालय में बैठक में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन कराई जाएगी।