गृहकर वसूली के लक्ष्य पर नगर निगम अब सख्ती करेगा। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने गृहकर वसूली को बढ़ाने के लिए दिसंबर में आठ करोड़ रुपये जमा कराने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए बड़े बकादारों से सख्ती की भी योजना बनाई गई है। इसके तहत प्रथम चरण में बृहस्पतिवार को 12 खातों को चिन्हित किया गया है और उनके खातों को फ्रीज कराने की तैयारी है।
दरअसल, नगर निगम ने 12 बड़े बकाएदारों की सूची बनाई है, जिन्हें बार-बार चेतावनी दी गई और इसके बाद भी उन्होंने गृहकर जमा नहीं कराया है। इसमें चार वरुणापार जोन, चार दशाश्वमेध व चार भेलूपुर जोन के निवासी हैं। इस संबंध में नगर आयुक्त के कैंप कार्यालय बुधवार को हुई बैठक में कम वसूली करने वाले कर निरीक्षकों पर गाज गिराने की चेतावनी दी गई है। गृहकर वसूली को लेकर जेपी मेहता इंटर कालेज में कर निरीक्षकों के साथ बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त बैठक करेंगे। इसकी सूचना सभी को प्रेषित कर दी गई है। वसूली रिकार्ड को दुरुस्त करने में कर निरीक्षक जुट गए हैं।
हटाया गया अतिक्रमण
चौका घाट स्थित नाले पर अवैध निर्माण को गिराने पहुंचे। भवन स्वामी के आग्रह पर जमीनी दस्तावेजों के साथ नगर निगम राजस्व विभाग में जांच कराने के निर्देश के साथ इसे टाल दिया गया। इसके साथ ही चौका घाट स्थित बस स्टैंड को व्यवस्थित करते हुए छह बसों के अतिरिक्त सभी बसों को हटवाया।
नगर निगम ने प्रारंभ किया तीन चरणीय सफाई अभियान
दिव्य काशी, भव्य काशी अभियान की तैयारियों में नगर निगम का स्वास्थ्य अमला सफाई में जुट गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन से पहले वाराणसी के सभी 90 वार्डों तथा नव विस्तारित 84 गावों में एक साथ पूरे महीने सफाई का सघन अभियान चलाया जाएगा। दिन में तीन चरणों मे कार्यवाही की जाएगी, जिसमे सुबह स्वच्छता, दोपहर में एंटी लार्वा एवं सैनिटाइजेशन तथा शाम को फॉगिंग कराई जाएगी। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने बताया कि इस अभियान में विशेष रूप से जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा। नियमित पर्यवेक्षण के लिए 90 नोडल अधिकारियों को भी तैनात किया गया है।