वाराणसी में सज गया मिनी बंगाल
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी शहर की गलियों से लेकर चौराहों तक और चौराहों से लगायत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों तक पूजा पंडालों की रौनक देखते ही बन रही है। रंग-बिरंगी विद्युत झालर की टिमटिमाती रोशनी पूजा पंडालों के बाहर डीजे की धुन पर बज रहे भक्ति गीत अलग ही समां बांध रहे थे। शहर में कहीं बाबा विश्वनाथ का धाम, कहीं देश का राष्ट्रीय ध्वज तो कहीं 70 फीट लंबी गुफा बनाकर मां की प्रतिमाएं बैठाई गई हैं।
बाबा मच्छोदरा नाथ पूजा समिति के द्वारा इस वर्ष बीएचयू काशी विश्वनाथ मंदिर के रूप में पूजा पंडाल सजाया गया है। विशेश्वरगंज बंगाली बाड़ा स्थित न्यू वाराणसी स्पोर्टिंग क्लब के द्वारा इस वर्ष मां वैष्णो देवी की गुफा बनाई गई है। 70 फीट लंबी गुफा में कालभैरव मंदिर की झांकी भी सजाई गई है। उधर, टाउन हाल, लोहटिया, बागेश्वरी माता मंदिर, औसानगंज, कतुआपुरा, गायघाट और राजघाट में भी पूजा पंडालों में शाम से ही दर्शन पूजन करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
नवरात्र पर पूजा पंडालों में भीड़ हो रही है। इस दौरान श्रद्धालुओं को मां को लगाए गए भोग को प्रसाद के रूप में दिया जा रहा है। शनिवार को 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बंगीय पूजा पंडालों के अलावा भारत सेवाश्रम संघ और रामकृष्ण मिशन में प्रसाद लेने के लिए लंबी लाइन लगी थी।
दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान शहर में संदिग्धों, मनचलों पर पुलिस की नजर रहेगी। सादे वेश में महिला और पुरुष कर्मी पूजा पंडालों और चौराहों के पास मौजूद रहेंगे। वहीं, कमिश्नरेट में धारा 144 लागू होने के चलते ड्रोन कैमरे पर प्रतिबंध है। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, ज्ञानवापी परिसर की ओर ड्रोन कैमरे पर पूरी तरह से रोक है। ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई तय है।